नईदुनिया न्यूज, दतिया, सेवढ़ा। सेवढ़ा में सिंध नदी स्थित सनकुआं पर पिकनिक मनाने पहुंचे पांच युवाओं में से एक युवक पानी के तेज बहाव में बह गया। रेस्क्यू टीम शाम तक मोटरबोट और गाेताखोरों की मदद से उसकी तलाश में जुटी रही।
चाहकर भी नहीं बचा सके दोस्त
मुरार ग्वालियर निवासी 25 वर्षीय अरविंद पुत्र हरिसिंह कुशवाह बुधवार को दोपहर लगभग डेढ़ बजे सेवढ़ा सिंध नदी में नहाते वक्त अचानक लहरों में समा गया। पानी का बहाव इतना तेज था कि घाट पर नहा रहे उसके चार दोस्त चाहकर भी उसे नहीं बचा सके।
एक युवक को बचाया गया
एक अन्य साथी राजेश पुत्र रमेश कुशवाह जो कि अरविंद के साथ ही लहरों से घिर गया था, वह किसी तरह घाट की तरफ जैसे ही पहुंचा उसे लोगों ने खींच कर बाहर निकाल लिया। घटना के बाद नदी में डूबे अरविंद की खोजबीन जारी है।
दो अगस्त को आने वाला था
बता दें कि अरविंद आठ दिन बाद आगामी दो अगस्त को कांवड़ भरने के लिए सनकुआं ही आने वाला था। उसने अपने दोस्तों से कहा था कि कांवड़ भरने के पहले वह स्थान देखकर आएं। इसीलिए वह बुधवार को दोस्तों को लेकर यहां पिकनिक मनाने आया था।
दोस्तों के साथ पहुंचा था
जानकारी के अनुसार अरविंद के साथ उसी के पड़ोसी मित्र राहुल पुत्र हाकिम सिंह कुशवाह, आकाश पुत्र बसंत सिंह कुशवाह, सेवा पुत्र हरिशंकर कुशवाह, अंशुल पुत्र महेंद्र सिंह कुशवाह एवं राजेश पुत्र रमेश कुशवाह बुधवार को दोपहर 12 बजे सेवढ़ा पहुंचे थे।
नहाते हुए कुंड की ओर बढ़ गए
यहां कांवड़ भरने का सामान देखने के बाद वह नहाने के लिए सनकुआं चले गए। यहां सभी लोग किनारे पर नहा रहे थे। तभी अरविंद और राजेश कुंड की तरफ बढ़ गए। यहां तेज वेग के साथ गिरती धाराओं में दोनों ही युवक खुद को संभाल नहीं पाए। हालांकि राजेश जैसे-तैसे किनारे पहुंच गया। लेकिन अरविंद गहराई में समा गया।
सफल नहीं हुए बचाने के प्रयास
आपदा चौकी से लगातार यह सूचना दी जा रही थी कि नदी में पानी ज्यादा है। इसलिए गहराई में न जाएं पर यह लड़के आगे बढ़ गए। सूचना मिलने के बाद बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन वह सफल नहीं हुआ। मौके पर रेस्क्यू टीम ने भी लापता हुए युवक की खोजबीन मोटरबोट से की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका। रेस्क्यू के दौरान मौके पर पुलिस व गोताखोर के साथ स्थानीय लोग भी मदद कर रहे थे।
आपदा चौकी प्रभारी रामप्रकाश यादव