
नईदुनिया प्रतिनिधि, दतिया। खेतों में धान के अवशेष पराली जलाने की घटनाओं पर अंकुश लगाने और फसल कटाई के दौरान निर्धारित नियमों का पालन कराने को लेकर सेवढ़ा एसडीएम अशोक अवस्थी ने कार्रवाई की है। कलेक्टर स्वप्निल वानखडे के निर्देश पर प्रशासनिक टीम ने हार्वेस्टर मशीनों के संचालन की जांच की।
इसी क्रम में इंदरगढ़ तहसील क्षेत्र के ग्राम लांच तिराहे पर संयुक्त प्रशासनिक टीम ने बिना स्ट्रा मैनेजमेंट सिस्टम यानी एसएमएस के संचालित हो रही चार हार्वेस्टर मशीनों को जब्त किया। जांच के दौरान चार हार्वेस्टर ऐसे मिले, जिनमें निर्धारित स्ट्रा मैनेजमेंट सिस्टम की व्यवस्था नहीं थी।
इसके बावजूद इन मशीनों से फसल कटाई की जा रही थी। इसे नियमों का उल्लंघन मानते हुए टीम ने मौके पर ही चारों मशीनों को जब्त कर लिया। जब्त की गई चारों हार्वेस्टर मशीनों को पुलिस थाना लांच की सुपुर्दगी में रखवाया गया है।
इस कार्रवाई का उद्देश्य फसल कटाई के बाद खेतों में बचने वाले नरवाई और पराली का उचित प्रबंधन करना है, ताकि किसान फसल अवशेषों को खेतों में जलाने के बजाय उनका उचित निपटान कर सकें। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि फसल कटाई के दौरान निर्धारित नियमों और व्यवस्थाओं का पालन करना अनिवार्य है। बिना आवश्यक उपकरणों के हार्वेस्टर संचालित करने वालों के विरुद्ध आगे भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- बोर्ड परीक्षा का परिणाम 50 % से कम रहने पर ग्वालियर के प्राचार्यों और शिक्षकों पर होगी कड़ी कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान एसडीएम सेवढ़ा अशोक अवस्थी, तहसीलदार इंदरगढ़ दीपक यादव, थाना प्रभारी लांच भुवनेश्वर शर्मा तथा कृषि विभाग के एसएडीओ एमपी सिंह उपस्थित रहे।