
नईदुनिया प्रतिनिधि, दतिया। झांसी-ग्वालियर हाईवे पर डगरई टोल प्लाजा के पास सोमवार को सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। ट्रक और ट्रैक्टर को ओवरटेक करने के दौरान बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसा इतना भयावह था कि सड़क पर गिरने से युवक की गर्दन तक कट गई। बाइक पर सवार दूसरा युवक घायल अवस्था में मिला।
चिरुला थाना पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बाइक सवार ट्रक और ट्रैक्टर को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान बाइक फिसलकर हादसे का शिकार हो गई। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। हाईवे पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हालांकि बाइक किस वाहन की चपेट में आई और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। घायल युवक की पहचान लल्लूराम आदिवासी के रूप में हुई है। उसने पुलिस को बताया कि वह झांसी उत्तर प्रदेश के बरुआसागर क्षेत्र का रहने वाला है। घायल नशे की हालत में होने के कारण पुलिस को घटना की स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रहा है। पुलिस घायल लल्लूराम से पूछताछ कर रही है और उसका उपचार कराया जा रहा है।
हादसे के बाद ट्रक और ट्रैक्टर दोनों के चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि फरार वाहनों की पहचान की जा सके। वहीं मृतक की पहचान के लिए पुलिस टीम बरुआसागर भी भेजी गई है। पुलिस ने मामला जांच में लेकर दुर्घटना के कारणों और फरार वाहन चालकों की तलाश शुरू कर दी है।