
खूजा। भांडेर का ग्रामीण अंचल बुखार हर गांव में फैल चुका है, खानपुरा में जानलेवा बुखार से पिछले 12 दिनों में दो लोग अपनी जान गवां चुके हैं। गांव के दर्जनों लोग बुखार से पीड़ित हैं। हैरानी है कि ग्रामीणों का उपचार करना तो दूर, स्वास्थ्य विभाग को गांव में फैली बीमारी की जानकारी तक नहीं है।
खानपुरा गांव के ग्रामीण पिछले कई दिनों से बुखार की चपेट में हैं। गांव के अनीकेश पुत्र हाकिम कुशवाह उम्र 6 वर्ष को बुखार आया था, जिसका इलाज चल रहा था, लेकिन 10-12 दिन पहले मौत हो गई। इसी तरह गांव के ही नवल बाढ़ई की 4 अक्टूबर को बुखार से मौत हो चुकी है। वह बीमार होने के बाद ग्वालियर गए थे, जहां उनकी मौत हुई। इसके अलावा गांव में रमानी किरार, सुनील राठौर, मीरा बाढ़ई, पवन सहित दर्जनों लोगों को बुखार है।
अब तक नहीं भेजी टीम
खानपुरा गांव सोहन सेक्टर के अंतर्गत आता है। सोहन के नजदीक होने के बावजूद सोहन से स्वास्थ्य विभाग की कोई टीम गांव नहीं भेजी गई। वहीं सामान्य परिस्थितियों में तो मरीज झोलाछाप व अन्य प्रकार दवाएं खाकर काम चला लेते हैं। लेकिन जब बुखार अधिक बढ़ जाता है तब वह यहां वहां अपना इलाज कराने के लिए भटक रहे हैं।
इनका कहना है
खानपुरा में बुखार की सूचना मिली है। आज स्वास्थ्य कार्यकर्ता को भेजकर जांच कराई। वहां बुखार नहीं है। जिस व्यक्ति की आप मौत होना बता रहे हैं वह ग्वालियर रहता है। इसके अलावा बच्चे का इलाज दबोह में चल रहा था। फिर भी मैं कल गांव जाकर खुद जांच करूंगा।
-डॉ. आरपी कनेरिया
मेडिकल ऑफिसर सोहन