दतिया उपचुनाव: नामांकन के आखिरी दिन लगी भीड़, संजना माई समेत 28 प्रत्याशियों ने ठोंकी ताल; भरे गए 32 पर्चे
नामांकन भरने के अंतिम दिन दावेदारों की पर्चा दाखिल करने के लिए न्यू कलेक्ट्रेट में भीड़ लगी रही।
Publish Date: Tue, 14 Jul 2026 09:14:35 AM (IST)Updated Date: Tue, 14 Jul 2026 09:14:58 AM (IST)
HighLights
- कांग्रेस-भाजपा के दिग्गजों से लेकर 13 निर्दलीयों ने भरा पर्चा
- पर्चा भरने से पहले सीएम और दिग्विजय सिंह ने टेका माथा
- किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर भी उतरीं चुनावी दंगल में
नईदुनिया प्रतिनिधि, दतिया। दतिया उपचुनाव में नामांकन भरने के अंतिम दिन दावेदारों की पर्चा दाखिल करने के लिए न्यू कलेक्ट्रेट में भीड़ लगी रही। छह जुलाई से लेकर 13 जुलाई की अवधि तक कुल 32 फार्म जमा हुए। जिनमें कांग्रेस की तरफ से तीन सेट, भाजपा ने दो सेट और आसपा प्रत्याशी ने दो सेट में अपने नामांकन भरे हैं। जबकि 13 निर्दलीय ने भी फार्म भरा है। इस तरह प्रत्याशी संख्या 28 रही। जिनके नामांकन फार्म की जांच का काम आज 14 जुलाई से होगा। जबकि 16 जुलाई को नाम वापिसी का दिन रहेगा।
दतिया विधानसभा से नामांकन भरने वालों में दामोदर सिंह यादव आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने 13 जुलाई को अपना एक और नामांकन सेट जमा किया। बालकिशन विश्वकर्मा परिवर्तन पार्टी आफ इंडिया, केशव सिंह यादव निर्दलीय, शदाबुद्दीन निर्दलीय, वेदराम कुर्मी निर्दलीय, डा.राखी बाला सिंगारे राष्ट्रीय समाधान पार्टी, जितेंद्र मेहरा आपका गणतंत्र पार्टी, हंसमुखी लोधी निर्दलीय, घनश्याम सिंह इंडियन नेशनल कांग्रेस, रामसिंह बघेल लोक जनशक्ति पार्टी, बृजेंद्र निर्दलीय, मेहरबान राष्ट्रीय समाज पक्ष, सुरेश अहिरवार निर्दलीय, शुभम राजपूत भारतीय सभ्यता पार्टी, स्वामीशरण कुशवाह कांग्रेस, संजना सिंह भारतीय गणवार्ता पार्टी, देवेश परिहार आजाद क्रांति पार्टी, रामसिंह कुशवाहा राष्ट्रीय समानता दल, राघवेंद्र सिंह निर्दलीय, आशुतोष तिवारी भारतीय जनता पार्टी ने नामांकन के दो सेट जमा किए हैं।
इसके साथ ही बाबूलाल सोनी निर्दलीय, कंछेदीलाल निर्दलीय, हरदास कुशवाह निर्दलीय, धर्मेंद्र सिंह निर्दलीय, धर्मेंद्र सिंह पवार राइट टू रिकाल पार्टी, रोहित गुप्ता निर्दलीय, एस. डेनियल नेशनल पीपुल्स पार्टी, प्रेमनारायण कुशवाहा निर्दलीय शामिल हैं। वहीं कांग्रेस व भाजपा प्रत्याशियों ने नामांकन भरने से पहले पीतांबरा पीठ पहुंचकर पूजा अर्चना की। वहीं मुख्यमंत्री व अन्य पार्टीजन भी भाजपा प्रत्याशी के साथ पीठ पर माथा टेकने पहुंचे। जबकि कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह सहित दिग्विजय सिंह ने भी पीठ पर पूजा अर्चना की।
किन्नर अखाड़े की संजना माई ने भी भरा फार्म
दतिया उपचुनाव के लिए मां पीतांबरा के दरबार में पूजा अर्चना के उपरांत किन्नर अखाड़े की संजना माई ने भारतीय गणवार्ता भगवा पार्टी के प्रत्याशी के रूप में अपना पर्चा भरा है। इस दौरान उनके साथ समर्थक भी मौजूद रहे।