दतिया उपचुनाव: गुटबाजी थामने के लिए एक मंच पर आए दिग्विजय सिंह और जीतू पटवारी, कार्यकर्ताओं के बीच बैठकर किया महामंथन
दोनों नेता अपने निर्धारित समय से करीब साढ़े तीन घंटे की देरी से कार्यक्रम स्थल पहुंचे, लेकिन उनके आगमन की सूचना मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन स्थल पर भारी संख्या में जुट गए।
Publish Date: Sat, 04 Jul 2026 02:25:49 PM (IST)Updated Date: Sat, 04 Jul 2026 02:36:47 PM (IST)
कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी। नईदुनियाHighLights
- एकजुटता का संदेश
- दिग्गजों का जमावड़ा
- टिकट के लिए भारी होड़
नईदुनिया प्रतिनिधि, दतिया। दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले आगामी उपचुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है। कांग्रेस पार्टी के भीतर मची अंदरूनी खींचतान और गुटबाजी को थामने के साथ-साथ चुनावी रणनीति को धार देने के लिए आज शनिवार को दतिया के मोटल होटल में कांग्रेस का एक बड़ा कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। इस सम्मेलन की सबसे बड़ी और खास बात यह रही कि पिछले दिनों हुई तीखी बयानबाजी के बाद पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी आज दतिया में एक-साथ पहुंचे। दोनों दिग्गजों का यह साथ आना कार्यकर्ताओं में एकजुटता का संदेश देने की बड़ी कोशिश माना जा रहा है।
लंबे समय बाद करीब बैठे दिग्विजय सिंह और जीतू पटवारी। नईदुनिया
दोनों नेता साढ़े तीन घंटे की देरी से कार्यक्रम स्थल पहुंचे
दोनों नेता अपने निर्धारित समय से करीब साढ़े तीन घंटे की देरी से कार्यक्रम स्थल पहुंचे, लेकिन उनके आगमन की सूचना मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन स्थल पर भारी संख्या में जुट गए। जैसे ही दिग्विजय सिंह और जीतू पटवारी आयोजन स्थल पर पहुंचे, कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया और पूरे माहौल में उत्साह छा गया। इस दौरान दोनों ही बड़े नेता मंच के बजाय कार्यकर्ताओं के बीच बैठकर ही कार्यक्रम में शामिल हुए। इस सम्मेलन में जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से आए कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
कार्यक्रम की तारीख बदली
पहले यह सम्मेलन गुरुवार को होना था, लेकिन हाईप्रोफाइल दिग्गजों की मौजूदगी सुनिश्चित करने के लिए इसकी तारीख बदली गई थी। इस चुनावी महामंथन में जीतू पटवारी और दिग्विजय सिंह के अलावा कई नेता भी शामिल हो रहे हैं।
टिकट के दावेदारों में भारी होड़ मची
फिलहाल दतिया सीट पर टिकट के दावेदारों में भारी होड़ मची हुई है। दावेदारों में पूर्व विधायक घनश्याम सिंह और पूर्व राज्य मंत्री अवधेश नायक का नाम प्रमुखता से आगे चल रहा है, तो वहीं राजेंद्र भारती के परिवार से भी टिकट की तगड़ी मांग की जा रही है। इनके अलावा जिलाध्यक्ष अशोक दांगी बगदा भी रेस में शामिल हैं। अब देखना होगा कि दिग्गजों की मौजूदगी में होने वाला यह सम्मेलन कांग्रेस की अंदरूनी कलह को शांत करने में कितना कामयाब होता है।