
दतिया (नईदुनिया न्यूज)। इंदरगढ़ के दांतरे मार्केट में गत शनिवार रात शार्ट सर्किट से तलघर में बनी दुकानों में लगी भीषण आग का असर आसपास के दुकानदारों पर भी पड़ा है। इस घटना के दौरान मार्केट सहित आसपड़ोस की दुकानों को भी खाली कर दिया था। रविवार को इस अग्निकांड के बाद मार्केट को बंद रखा। यहां बने तलघर में भी पूरे दिन ताला पड़ा रहा, जिससे वहां बनी दुकानों के नुकसान के आंकलन में देरी हुई।
इस संबंध में तहसीलदार वीरसिंह आवासीय ने बताया कि तीन मंजिला मार्केट के तलघर में बनी करीब 15 दुकान आग की चपेट में आई हैं, जिनमें से अधिकांश रेडीमेड कपड़े व लेडीज सामान की है। इन दुकानों में से विकल गुप्ता की कपड़े की दुकान व राघव शर्मा की दुकान पूरी तरह से जलकर नष्ट हो गई। 15 दुकानों में हुए नुकसान का आंकलन लगभग तीस लाख अनुमानित बताया गया है। इस अग्निकांड के दौरान दुकानों के छत आदि भी तेज लपटों के चलते चटक गई हैं।
बीते शनिवार रात इंदरगढ़ के मेन बाजार स्थित दांतरे मार्केट के तलघर में बनी खिलौने की दुकान में शार्ट सर्किट से आग भड़की थी। घटना के बाद मौके पर सेवढ़ा, इंदरगढ़, भांडेर और दतिया सहित करीब पांच दमकल वाहनों ने आग पर काबू पाने के लिए करीब चार घंटे से ज्यादा मशक्कत की, जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सके।
घटना की खबर पर सेवढ़ा विधायक घनश्याम सिंह भी इंदरगढ़ पहुंचे। उन्होंने पीड़त दुकानदारों से घटना के संबंध में जानकारी ली। तहसीलदार आवासीय के मुताबिक जिन 15 दुकानों में नुकसान हुआ है। उनके दुकानदारों के कथन लिए जा रहे हैं। दुकानों में अग्निकांड के कारण दीवारें और छत रविवार को भी तपती रहीं, जिससे वहां जा पाने में परेशानी हुई, इसलिए अभी नुकसान का सही आंकलन कर पाना मुश्किल हो रहा है।