
Datia News: नईदुनिया प्रतिनिधि, दतिया। शनिवार को एक बार फिर मौसम ने करवट ली। जिसके बाद दोपहर तीन बजे के बाद तेज आंधी के साथ बारिश का दौर शुरू हो गया। इसी बीच दतिया के आसपास के गांवों में ओले बरसे। जिससे खेतों में कटी और खड़ी फसलों को नुकसान होने की खबर है। पांच से दस मिनिट तक हुई ओलावृष्टि से दतिया-दिनारा रोड पर हथलई टोल प्लाजा के पास सड़क पर ओलों की चादर बिछी सी नजर आई। इधर तेज आंधी और बारिश के कारण शहर के विभिन्न क्षेत्रों की बिजली छह घंटे से ज्यादा गुल रही। कई फीडरों को आंधी के कारण हुए नुकसान के बाद बिजली कंपनी का अमला उसे दुरुस्त करने में देर शाम तक जुटा रहा।
शनिवार दोपहर अचानक आसमान में बादल छा गए। जिसके बाद चली तेज हवा के साथ बारिश का दौर शुरू हुआ। इस दौरान दतिया अनुभाग के ग्राम हथलई, पलोथर, नौनेर, कमरारी सहित बड़ौनी की पाली पंचायत के गांव जनौरी आदि गांवों में बड़े बेर के आकार के ओले गिरे। जिसके कारण फसलें प्रभावित होने की खबरें हैं। इस ओलावृष्टि से उदगुवां क्षेत्र के गांवों में किसान की मेहनत पर पानी फिर गया। इन दिनों खेतों में फसल कटाई का काम चल रहा है। ऐसे में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से गेंहूं की फसल को नुकसान पहुंचा है। वहीं जिन गांवों में फसल कटाई के बाद भूसा खेतों में पड़ा था, वह भी पानी से भीग गया।
इधर इंदरगढ़ में अंदर बस्ती में तेज आंधी से एक युवक छत से गिर पड़ा। जिसे गंभीर रूप से घायल हो जाने पर दतिया रेफर किया गया। नगर के वार्ड क्रमांक दो में शनिवार शाम छह बजे तेज आंधी के चलते छत पर काम कर रहा युवक इकबाल खान पुत्र हबीब खान छत नीचे गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसेे तत्काल स्वजन इंदरगढ़ स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। यहां युवक की हालत गंभीर देखते हुए डाक्टर ने एमरजेंसी एम्बुलेंस से उसे दतिया रैफर कर दिया। स्वजन के अनुसार छत के ऊपर टीन शेड सही करने के दौरान तेज आंधी आ गई। इस बीच हवा का तेज झोंका आया। जिससे युवक वह संतुलन खो बैठे और छत से नीचे आ गिरा।
रोड पर बिछ गई बर्फ की चादर
बारिश के साथ हुई ओलों की तेज बौछार के कारण दतिया-दिनारा रोड पर हथलई टोल प्लाजा के निकट सड़क पर ऐसा लग रहा था कि जैसे बर्फ की चादर बिछ गई हो। पूरी सड़क पर बर्फ की सफेदी छा गई थी। वहीं हथलई, नौनेर, कमरारी सहित आसपास के कुछ गांवों में पांच से दस मिनिट की ओलावृष्टि हुई। जिसके चलते सड़क पर रखे वाहनों के शीशे भी क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं खेतों में कटी पड़ी गेंहूं की फसल पूरी तरह भीग गई। इधर जिन खेतों कटाई का काम चल रहा था वहां ओलों की मार से फसल आड़ी हो गई है। किसानों की मानें तो मौसम के इस परिवर्तन ने उनकी मेहनत को खराब कर दिया है।
बारिश और अोलों से फसल काटने में होगी देरी
मौसम के इस बदलाव के कारण गेंहूं की फसल कटाई भी प्रभावित होगी। किसानों के मुताबिक इस वक्त फसल कटाई का काम शुरू हो चुका है। लेकिन इसी बीच हुई बारिश और ओलावृष्टि के कारण अब फसल की कटाई भी करीब एक सप्ताह तक टल जाएगी। वहीं जहां खेतों में कटी हुई फसल रखी है, उसे भी सूखने के बाद ही थ्रेसिंग की जा सकेगी। मौसम की यह धोखाधड़ी किसानों को नुकसान पहुंचा गई। हथलई, नौनेर व बड़ौनी के जनौरी में बड़े आकार के आेले गिरने से वहां खेताें में कटाई के लिए तैयार खड़ी गेंहूं की फसल पर भी विपरीत प्रभाव पड़ा है। बाक्स
भांडेर, इंदरगढ़ में बूंदाबांदी, बसई में तेज बारिश
शनिवार को अंचल में अन्य जगहों पर भी हल्की बूंदाबांदी और आंधी चलने की खबर है। इस दौरान भांडेर में जहां नगर सहित आसपास के गांवों में हल्की बारिश हुई। वहीं इंदरगढ़ क्षेत्र में भी बूंदाबांदी की खबर है। इधर मोहनाजाट, सेंगुवां, कुठोंदा, खैरीचाचू आदि गांवों में जरुर कुछ देर बारिश हुई। वहीं बसई क्षेत्र में शाम छह बजे के बाद तेज बारिश का दौर शुरू हुआ। जिसके चलते कुछ गांवों में नालियां उफान पर आ गई। कुछ देर की बारिश ने ही गांव में दलदलनुमा माहौल बना दिया।
शहर की कई घंटे गुल रही बिजली
इधर दोपहर तीन बजे के बाद जैसे ही तेज आंधी और बारिश का दौर शुरू हुआ, वैसे ही शहर के विभिन्न क्षेत्रों की बिजली गुल हो गई। रात आठ बजे के बाद भी बिजली व्यवस्था सुचारू नहीं हो सकी थी। बिजली कंपनी का अमला इसे दुरुस्त करने में लगा था। इस संबंध में शहरी क्षेत्र के एई आर्य ने बताया कि तेज आंधी के कारण इंडस्ट्रियल एरिया, सिटी फीडर नंबर एक, राजघाट फीडर सहित अन्य फीडरों को नुकसान हुआ है। कुछ जगह लाइनें क्षतिग्रस्त भी हो गई। इसके साथ ही इंसुलेटर फुंक जाने से भी बिजली पांच से छह घंटे तक गुल रही।