
Datia News: दतिया. नईदुनिया प्रतिनिधि। साइबर ठग अब ऐसे व्हाट्सएप ग्रुपों पर लिंक भेजने लगे हैं ताकि लोगों को आसानी से अपनी ठगी का शिकार बना सकें। ऐसा ही एक मामला थरेट थाना क्षेत्र में सामने आया है। जहां एक शिक्षक के सरकारी व्हाट्सएप ग्रुप में एक ऐसी अनजान लिंक भेजी गई, जिसको खोलते ही उसके खाते से पैसे गायब हो गए।जानकारी के अनुसार ग्राम रिछोरा के स्कूल शिक्षक ने अपने आफिशियल ग्रुप पर सेंथरी निवासी अनिल कुमार बघेल के नंबर से डली लिंक को खोला तो उनकी पत्नी के बैंक खाते से तीन बार में तीन लाख 25 हजार रुपये निकल गए। शिक्षक ने अपनी लड़की की शादी के लिए यह रुपये लोन पर लेकर पत्नी के बैंक खाते में जमा कराए थे ।
शिक्षक कमल सिंह के मुताबिक उनके मोबाइल पर गत 23 मार्च को आफिशियल वाट्सएप ग्रुप पर एक लिंक आई। शिक्षक ने उसे खोला तो साइबर ठग ने शिक्षक की पत्नी राजेश्वरी के बैंक के खाते से रुपये पार कर लिए। इस ठगी से अनजान राजेश्वरी जब पीएनबी में सात दिन बाद पासबुक पर इंट्री कराने गईं तब खाते से तीन लाख 25 हजार रुपये निकल जाने की जानकारी उन्हें मिली। इधर जिस शिक्षक अनिल कुमार के मोबाइल नंबर से लिंक आई, उन्होंने भी इस मामले में अपना मोबाइल फोन हैक हो जाने की थाने में शिकायत की है।
बताया जाता है कि ऐसी लिंक एक अन्य शिक्षक राजेंद्र श्रीवास्तव के मोबाइल पर भी आई थी, लेकिन उन्होंने जब उसे खोला तो शंका पैदा हुई। जिसके बाद उक्त शिक्षक ने अपने बैंक में संपर्क कर खाते को बंद कर लिया था। जिससे वह ठगी का शिकार होने से बच गए। पीड़ित शिक्षक ने इस साइबर ठगी के मामले में पुलिस में आवेदन भी दिया है।