Datia News: सेवढ़ा में हीट स्ट्रोक से दो युवकों की मौत, एक युवक की बस में और दूसरे की बाइक पर बैठे-बैठे गई जान
मध्य प्रदेश में मौसम के बदलाव के बीच कुछ इलाकों में अभी भी हीट स्ट्रोक का असर देखा जा रहा है। दतिया जिले के सेवढ़ा में हीट स्ट्रोक की वजह से दो लोगों की मौत की बात सामने आई है। पृथम दृष्टया डॉक्टर मौत का कारण हीट स्ट्रोक के साथ हार्ट अटैक बता रहे हैं।
Publish Date: Thu, 20 Jun 2024 06:38:53 AM (IST)
Updated Date: Thu, 20 Jun 2024 06:38:53 AM (IST)
डॉक्टरों के अनुसार दोनों ही मामले हीट स्ट्रोक के प्रतीक हो रहे हैं। - प्रतीकात्मक चित्रHighLights
- चिकित्सकों ने कहा प्रथम दृष्टया हीट स्ट्रोक मौत होना नजर आ रहा है।
- पुलिस के अनुसार दोनों मामलों में मर्ग के बाद जांच प्रांरभ कर दी गई है।
- चिकित्सकों के अनुसार अक्सर हीट स्ट्रोक के बाद अटैक भी आता है।
नईदुनिया न्यूज, सेवढ़ा। बुधवार को सेवढ़ा क्षेत्र में दो घटनाएं हुईं। इसमें दो लोगों की जान चली गई। इस दौरान एक घटना में 42 वर्षीय व्यक्ति की बाइक पर तो दूसरे 30 वर्षीय युवक की बस में सीट पर बैठे-बैठे ही मौत हो गई।
पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग के बाद जांच प्रांरभ कर दी है। प्रथम दृष्टया दोनों ही मामले हीट स्ट्रोक के लग रहे हैं। पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सक का कहना है कि प्रथम दृष्टया मौत की वजह हार्ट अटैक ही है, लेकिन जिस प्रकार मृतकों का शरीर अकड़ गया था, उससे आशंका जताई जा रही है कि अटैक के पहले हीट स्ट्रोक लगा हो।
जानकारी के अनुसार असवार जिला भिंड निवासी रामनरेश पुत्र माधवसिंह तोमर बुधवार को मोटर बोरिंग का सामान वापस करने इंदरगढ़ गए थे। उनके साथ भाई राघवेंद्र सिंह तोमर भी थे। वह बाइक चला रहे थे।
दोपहर एक बजे के लगभग जब वह चीना बम्बा शाला के पास से गुजरे तो अचानक रामनरेश अपने भाई की पीठ पर टिक गए।
राघवेंद्र के अनुसार उन्हें अहसास हुआ तो बाइक खड़ी की। रामनरेश अचेत हो चुके थे। पुलिस की सहायता से वह सेवढ़ा सिविल अस्पताल उन्हें लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वहीं दूसरी घटना डिरोलीपार निवासी दिनेश कुशवाह के साथ हुई। थाना प्रभारी भास्कर शर्मा के अनुसार दिनेश पुत्र सावधान सिंह कुशवाह दिल्ली में काम करते थे।
बुधवार की दोपहर वह ग्वालियर से बस द्वारा डिरोलीपार के लिए रवाना हुए। बस डिरोलीपार मोड़ पर रुकी तो वह उतरे नहीं। बस स्टाफ ने देखा तो वह अचेत थे। सूचना मिलने पर दिनेश के स्वजन मौके पर पहुंचे। उन्हें पुलिस की मौजूदगी में सिविल अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
प्रभारी मेडिकल अधिकारी डाॅ. शरद यादव के अनुसार दोनों ही मामले हीट स्ट्रोक जैसे लग रहे हैं। मृतकों के शरीर जकड़े हुए थे। अक्सर हीट स्ट्रोक के बाद अटैक भी आता है। मौत की वजह हार्ट अटैक ही है।
दोनों ही घटनाओं में मरने वालों की उम्र काफी कम है। वहीं दोनों की मौत अचानक हुई। इन घटनाओं के बाद क्षेत्र में लोग सहम गए हैं।