यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 06, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Datia News: सोशल मीडिया पर दोस्ती कर महिला ने मिलने बुलाया, दुष्कर्म का केस लगाने की दी धमकी
ग्राम कारखेत में सोशल मीडिया के जरिए फंसाकर तीन युवकों से एक लाख रुपये मांगने वाले सेक्सटॉर्शन गैंग का पुलिस ने खुलासा किया। फर्जी दुष्कर्म केस में फं...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 06 Jun 2025 09:58:02 PM (IST)Updated Date: Fri, 06 Jun 2025 09:58:02 PM (IST)
महिला ने दी दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी। (फाइल फोटो)HighLights
- खेत में ले जाकर किया ब्लैकमेल
- एक लाख रुपये की मांगी फिरौती
- पीड़ितों की बाइक भी छीनी गई
नईदुनिया न्यूज, दतिया। भौंती थाना क्षेत्र के ग्राम कारखेत में तीन युवकों को झांसे में लेकर मिलने बुलाया गया। उसके बाद उन्हें दुष्कर्म के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर एक लाख रुपये की मांग की गई। इस पूरे मामले का भंडाफोड़ भौंती पुलिस ने शुक्रवार को किया। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पकड़े गए आरोपियों में एक युवक और एक महिला शामिल है। इनके कब्जे से पीड़ित पक्ष की बाइक भी बरामद कर ली है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
महिला से सोशल मीडिया के जरिए हुई पहचान
- दरअसल, दतिया जिले के ग्राम कुरथना निवासी 25 वर्षीय अनिल परिहार की सोशल मीडिया के माध्यम से एक महिला से जान-पहचान हुई थी। महिला ने अनिल से मोबाइल नंबर साझा कर बातचीत शुरू की। उसके बाद दोस्ती गहराने पर 30 मई को मिलने के लिए ग्राम कुरथरा बुलाया।
अनिल अपने दो दोस्तों कुंदन कुशवाह और ज्ञान सिंह कुशवाह के साथ बाइक से वहां पहुंचा। गांव के कच्चे रास्ते पर तीन महिलाएं उन्हें मिलीं, जिन्होंने उनसे रुपये लेकर खेत में बने कमरे तक ले गईं। थोड़ी देर बाद बाहर से शोरगुल सुनाई दिया। उसने देखा कि कुछ लोग ज्ञान सिंह को पकड़कर खड़े थे।
उसके बाद इन तीनों युवकों को घेरकर धमकी दी गई कि एक लाख रुपये नहीं दिए गए, तो उन पर दुष्कर्म का केस दर्ज करवा दिया जाएगा।
ब्लैकमेलर्स ने उनकी बाइक भी छीन ली और अगले दिन फिर से एक लाख रुपये की मांग के लिए कॉल किया। डर के चलते युवक पहले तो चुप रहे, लेकिन आखिरकार 4 जून को अनिल ने भौंती थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
थाना प्रभारी मनोज सिंह राजपूत ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। पुलिस ने तीन नामजद और तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया और शुक्रवार को सेक्सटॉर्शन गैंग के दो सदस्यों 20 वर्षीय छोटू लोधी और एक महिला को गिरफ्तार कर लिया। लंबे समय से सक्रिय हैं ऐसे गिरोह
- पुलिस सूत्रों के अनुसार इस तरह के गैंग भौंती और आसपास के इलाकों में लंबे समय से सक्रिय हैं। पूर्व में पिछोर क्षेत्र में भी इसी तरह के मामलों में लोगों को फंसाने और ब्लैकमेल करने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। कुछ साल पहले शिवपुरी पुलिस ने भी ऐसे ही सेक्सटॉर्शन गैंग के सदस्यों को गिरफ्तार किया था, जो वीडियो कॉल के माध्यम से लोगों की अश्लील रिकॉर्डिंग कर उन्हें ब्लैकमेल करते थे।
- पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया है और शेष आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस आमजन से भी अपील कर रही है कि सोशल मीडिया पर किसी अनजान व्यक्ति से संबंध न बनाएं और सतर्क रहें।