Datia Railway News: बसई (नईदुनिया न्यूज)। बसई के नए रेलवे स्टेशन पर अव्यवस्थाअों ने यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है। इन दिनों ट्रेक पर कुछ दिनों से एक मालगाड़ी खड़ी हुई है। जिसके चलते यात्रियों को इस मालगाड़ी के नीचे से निकलकर ट्रेक पार करना मजबूरी हो गया है। यह समस्या कभी बड़े हादसा का कारण बन सकती है। इस स्टेशन पर अभी तक फुट ब्रिज का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है। जिसके चलते यात्रियों को नए स्टेशन तक पहुंचने में परेशानी उठानी पड़ती हैं। वहीं स्टेशन पर छाया, पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव है।
स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने बताया कि प्लेटफार्म बदलने के लिए ट्रेक पर कई दिन से खड़ी मालगाड़ी के नीचे से जान जोखिम में डालकर निकलना पड़ रहा है। जिससे यह डर लगता है कि कोई भी दूसरी गाड़ी किसी अन्य ट्रेक पर ना आ जाएं। यह समस्या अभी तक फुट ब्रिज का निर्माण कार्य पूरा न होने के कारण बनी हुई है। जिस वजह से लोगों को ट्रेक पार कर ट्रेन के नीचे से खतरा में उठाकर निकलना पड़ता है। जिससे यात्रियों को परेशानी हो रही है। जबकि स्टेशन प्रबंधन इस ओर अनदेखी कर रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि नया स्टेशन, रेलवे की ओर से बना तो दिया गया। लेकिन वहां आवश्यक सुविधाएं अभी भी मुहैया नहीं कराई जा सकी है। स्टेशन पर ना तो छाया की कोई व्यास्था है और ना ही पानी की कोई समुचित व्यवस्था। स्टेशन पर महिलाओं के लिए शौचालय न होना बड़ी समस्या है। यात्री ब्रजेंद्र रजक व छाया देवी ने बताया कि ट्रेनाें में जनरल कोच को लेकर भी परेशानी होती है। बसई स्टेशन पर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस का स्टापेज है। इस गाड़ी में पहले जनरल कोच दोनों तरफ आगे पीछे होते थे। लेकिन अब ऐसा नहीं है। जिससे यात्रियों को यह पता नहीं चल पाता कि जनरल कोच आगे लगकर आ रहे हैं या पीछे। ऐसे में ट्रेन आने पर यात्रियों की स्टेशन पर भगदड़ शुरू हो जाती है। इस समस्या की ओर रेल प्रशासन को ध्यान देना चाहिए।