दतिया में त्रयोदशी का खाना खाने के बाद 600 से ज्यादा लोग बीमार, गुलाब जामुन से किसी को पेट दर्द तो किसी को हुई उल्टियां
फिलहाल इस मामले में लोगों के इतनी अधिक संख्या में एकाएक बीमार पड़ने की वजह को तलाशा जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने त्रयोदशी में लोगों को परोसे ग...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 17 Oct 2026 10:07:35 PM (IST)Updated Date: Sat, 17 Oct 2026 11:27:25 PM (IST)
दतिया में त्रयोदशी का खाना खाने के बाद 600 से ज्यादा लोग बीमारHighLights
- गंगभोज के बाद उल्टी-दस्त और बुखार की शिकायत
- स्वास्थ्य विभाग ने गांव में शिविर लगाकर किया इलाज
- खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच में जुटी टीम
नईदुनिया प्रतिनिधि, भांडेर/दतिया। भांडेर के ग्राम उड़ीना में त्रयोदशी का खाना खाने से कई लोगों के बीमार हो गए। सरपंच की सूचना पर बीएमओ भांडेर जयंत यादव ने दो चिकित्सीय दल मौके पर भेजा। जिन्होंने गांव में ही दो अलग अलग जगहों उड़ीना हाईस्कूल भवन और उड़ीना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर शिविर लगाकर करीब 600 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।
एकाएक बीमार पड़ने के कारण की तलाश जारी
फिलहाल इस मामले में लोगों के इतनी अधिक संख्या में एकाएक बीमार पड़ने की वजह को तलाशा जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने त्रयोदशी में लोगों को परोसे गए खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए हैं।
कुछ लोगों में देर रात चक्कर आना हो गया था शुरू
बताया जाता है कि 15 अक्टूबर को उड़ीना निवासी अतर सिंह यादव की त्रयोदशी का कार्यक्रम था जिसमें करीब तीन से चार हजार लोग शामिल हुए थे। शाम करीब चार बजे से देर रात तक चले इस गंगभोज कार्यक्रम में भोजन करने वालों में से कुछ लोगों में देर रात चक्कर आना, उल्टी होना या जी मिचलाना, बुखार, सिरदर्द, आदि जैसे लक्षण दिखना शुरू हुए। अगले दिन से इन लक्षणों वाले मरीजों की संख्या बढ़ने लगी। जिन लोगों के पास साधन थे, वे अपने लोगों को उपचार के लिए इंदरगढ़ या दतिया ले गए।
सबसे अधिक आशंका गुलाबजामुन को लेकर
वहीं, अधिकांश लोगों ने गांव में ही उपलब्ध स्वास्थ्य सेवा की मदद ली। लेकिन खास आराम न मिलने पर सरपंच ज्योति रामलखन यादव ने बीएमओ भांडेर डॉ.जयंत यादव को शनिवार सुबह इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। त्रयोदशी में परोसे गए विभिन्न खाद्य सामग्रियों में सबसे अधिक आशंका गुलाबजामुन को लेकर जताई जा रही है, जिसमें हल्की अप्रिय गंध आ रही थी।
ग्रामीण शिवकुमार दुबे ने बताया कि त्रयोदशी में रात्रि आठ बजे के बाद जिन लोगों ने भोजन किया। उनमें सबसे अधिक उल्टी और दस्त सहित बुखार के मामले सामने आए। अधिकांश लोग दतिया, उड़ीना, भांडेर और ग्वालियर में उपचार करा रहे हैं।