दतिया में देरी से आए छात्रों को रोकने पर टीचर से मारपीट, 6 पर केस; आज निजी स्कूल बंद
मारपीट का शिकार बने स्पोर्ट्स टीचर की ओर से कोतवाली में आधा दर्जन अभिभावकों के विरुद्ध मामला दर्ज कराया गया है।
Publish Date: Thu, 19 Nov 2026 08:51:48 AM (IST)Updated Date: Thu, 19 Nov 2026 09:19:39 AM (IST)
HighLights
- देरी से आने पर हुआ विवाद
- पार्षद पति समेत छह पर एफआइआर
- विरोध में आज निजी स्कूल बंद
नईदुनिया प्रतिनिधि, दतिया। स्कूल में बच्चों के कुछ मिनिट की देर से आने को लेकर हुए विवाद में कुछ लोगों ने बुधवार को स्पोर्ट्स टीचर के साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि मारपीट करने वालों में दतिया नपा पार्षद के पति ब्रजेश दुबे भी शामिल हैं। इस संबंध में मारपीट का शिकार बने स्पोर्ट्स टीचर की ओर से कोतवाली में आधा दर्जन अभिभावकों के विरुद्ध मामला दर्ज कराया गया है।
नाराज अभिभावक भी कोतवाली पहुंच गए
इधर घटना को लेकर नाराज अभिभावक भी कोतवाली पहुंच गए। जहां उन्होंने पुलिस के समक्ष स्पोर्ट्स टीचर पर भी आरोप लगाए। वहीं इस मामले को लेकर प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन विरोध में उतर आई।
जिसके बाद आज 19 नवंबर को उक्त घटनना के विरोध को लेकर शहर के सभी निजी स्कूल बंद रखने की घोषणा की गई है।
जानकारी के अनुसार नजर बाग के पास स्थित रानी लक्ष्मीबाई पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों के प्रवेश का समय सुबह साढ़े सात बजे तक निर्धारित है। बुधवार को कुछ अभिभावक अपने बच्चों को लेकर निर्धारित समय के बाद स्कूल पहुंचे। इस पर स्पोर्ट्स टीचर आकाश श्रीवास निवासी पाल कॉलोनी झांसी ने बच्चों को प्रवेश देने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।
आरोपी पक्ष के लोगों ने भी कोतवाली पहुंचकर पुलिस के सामने अपना पक्ष रखा
आरोप है कि नाराज अभिभावकों ने स्कूल परिसर में हंगामा करते हुए शिक्षक के साथ मारपीट की। घटना को लेकर शिक्षक आकाश श्रीवास ने कोतवाली पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर भाजपा पार्षद पति बृजेश दुबे, राज गोस्वामी, अरविंद दांगी, राजा मावई, नियुक्त गुर्जर और रमाकांत दांगी के खिलाफ एफआइआर दर्ज की है। घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस और एसडीओपी आकांक्षा जैन भी मौके पर पहुंचीं। आरोपित पक्ष के लोगों ने भी कोतवाली पहुंचकर पुलिस के सामने अपना पक्ष रखा।
विरोध में बंद रहेंगे निजी स्कूल
निजी स्कूल स्पोर्ट्स टीचर के साथ मारपीट की घटना पर प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन ने कड़ा विरोध जताया है। एसोसिएशन ने घटना के विरोध में 19 नवंबर को दतिया शहर के सभी निजी स्कूल बंद रखने का आह्वान किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। वहीं एसोसिएशन का कहना है कि इस तरह की अभद्रता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आरोपितों की गिरफ्तारी की भी मांग की गई है। वहीं मामले में नामजद लोगों का कहना है कि उन्होंने पुलिस के समक्ष पूरी घटना का सच रखा है। उन्हें निष्पक्ष जांच की उम्मीद है।