
नईदुनिया प्रतिनिधि, दतिया। ग्राम पंचायत उनाव की महिला सरपंच के जेठ का मुंह काला कर गले में जूतों की माला पहनाकर गांव भर में जुलूस निकाला। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को खदेड़ा और पीड़ित को सुरक्षित घर पहुंचाया। पुलिस ने पांच आरोपितों पर मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपित फरार चल रहे हैं। घटना रविवार दोपहर की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, कस्बा उनाव निवासी 21 वर्षीय नवविवाहिता गत 19 मार्च को घर से लापता हो गई थी। उसकी 20 फरवरी को ही शादी हुई थी। शादी के बाद वह ससुराल गई और वहां से मायके उनाव लौटने के बाद वापस ससुराल नहीं गई। नवविवाहिता के स्वजन का आरोप है कि उसका उनाव सरपंच किरन वर्मा के भतीजे विशाल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। 19 मार्च को वह घर से बिना बताए चली गई। स्वजन का कहना है कि सरपंच का भतीजा विशाल ही उनकी बेटी को भगा ले गया था।
इसी बात से नाराज नवविवाहिता के स्वजन ने रविवार को सरपंच किरन के जेठ लक्ष्मण वर्मा के साथ लात घूसों से मारपीट की। इसके बाद मुंह पर कालिख पोत दी। कालिख पोतने के बाद लक्ष्मण को जूतों, चप्पलों की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया गया। आगे लक्ष्मण और पीछे लड़की के स्वजन व अन्य ग्रामीण चल रहे थे। जब इस पूरे तमाशे की खबर पुलिस तक पहुंची तो वह मौके पर पहुंची, जहां लक्ष्मण के गले से जूतों, चप्पलों की माला उतारी।
यह भी पढ़ें- इंदौर अग्निकांड: 8 साल के तनय का धड़ अब भी लापता, पुलिस ने जब्त किए ब्लास्ट में फटी टंकी के टुकड़े
वहीं जुलूस निकालने वालों को खदेड़ा गया। उनाव थाना पुलिस ने पीड़ित लक्ष्मण प्रसाद की शिकायत पर आरोपित गोलू यादव, मनोज यादव, पवन चौबे, अभिषेक यादव और भगत सिंह यादव के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, शाम को नवविवाहिता भी थाने पहुंचे, जिसके लापता होने पर यह घटना घटित हुई।
उसने पुलिस को बताया कि वह अपनी मर्जी से गई थे, उसे कोई भगाकर नहीं लगया था। उसके घरवालों ने जबरन विवाह कराया है और अब जबरदस्ती उसे ससुराल भेजना चाहते थे, इसलिए वह घर से चली गई थी। फिलहाल पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है।