
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास : एमडी ड्रग्स की तस्करी के चार मामलों में देवास पुलिस ने नौ आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 100 ग्राम एमडी ड्रग्स, एक अवैध देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त ड्रग्स की कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है। कार्रवाई कोतवाली और औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से की।
शुक्रवार को एएसपी शहर गजेंद्र वर्धमान ने पत्रकार वार्ता में मामले का खुलासा किया। एएसपी ने बताया कि चारों मामलों में कार्रवाई 4 और 6 अक्टूबर को की गई। कोतवाली पुलिस ने 4 अक्टूबर को अंबेडकर नगर रेलवे क्रासिंग के पास आरोपित इमरान पठान निवासी लक्ष्मी नगर और रेहान उर्फ मंसूरी निवासी आनंद नगर को पकड़ा। दोनों के कब्जे से कुल 34.78 ग्राम एमडी ड्रग्स मिली। पूछताछ में उन्होंने ड्रग्स अयोध्या बस्ती आगर के युसुफ खान से मिलने की जानकारी दी।
इसी दिन कोतवाली पुलिस ने होमगार्ड लाइन स्थित सीवरेज पंपिंग स्टेशन के पास आरोपित स्वयं उर्फ विशु पुजारी निवासी विक्रम मार्ग को पकड़ा। उसके पास से 17.04 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ एक देशी कट्टा और जिंदा कारतूस मिला। इधर औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने 6 अक्टूबर को टुमनी रेलवे ओवरब्रिज के पास न्यू बायपास रोड से राजकुमार गांगुली निवासी बलौदा को 13.49 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया। 4 अक्टूबर को नागदा-रसूलपुर रोड स्थित बंद कांच फैक्ट्री के पास से राजेश मालवीय उर्फ राजा निवासी बालाजी नगर को 15.71 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ पकड़ा गया।
पुलिस ने आरोपितों से पूछताछ के बाद आरोपित युसुफ खान, नजर कुरैशी निवासी पठान गोवा साहिल शाह निवासी इटावा और शाहरुख मंसूरी निवासी चंद्रशेखर मार्ग को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में आरोपितों ने मध्यप्रदेश और राजस्थान की सीमा से लगे जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों में पेडलरों के माध्यम से एमडी ड्रग्स सप्लाई करने की जानकारी दी है। आरोपितों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लेकर भी पूछताछ की गई। पुलिस अब ड्रग्स के स्रोत और गिरोह के अन्य सदस्यों के संबंध में पूछताछ कर रही है। गिरफ्तार आरोपितों को शुक्रवार को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों में इमरान के विरुद्ध आठ, स्वयं उर्फ विशु के विरुद्ध सात, राजकुमार और राजेश के विरुद्ध चार-चार तथा शाहरुख के विरुद्ध सात पूर्व अपराध दर्ज हैं। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देश पर सीएसपी सुमित अग्रवाल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली शशिकांत चौरसिया, उनि दीपक मालवीय, शिवनारायण सोलंकी, सउनि ईश्वर मंडलोई, मनोज पटेल, प्रआर मनोज मौर्य, वीरेंद्र राजपूत, हेमंत डाबी, सुनील देथलिया, आर सुजीत, वैभव मंडलोई, उदय सिंह एवं थाना औ.क्षेत्र के उनि नरेन्द्र कुमार अम्करे, आर अर्पित जायसवाल, लक्ष्मीकांत, अजय जाट की टीम ने की।
यह भी पढ़ें- देवास में प्रेम प्रसंग के चलते पीट-पीट कर की थी युवक की हत्या, मास्टरमाइंड समेत 3 आरोपी गिरफ्तार, एक फरार