
सत्येंद्रसिंह राठौर, नईदुनिया, देवास। गरीब व वंचित वर्ग के बच्चों को निजी स्कूल में पढ़ने का सपना पूरा करने वाला शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) कई स्कूलों में दोहरी कमाई का साधन बनता जा रहा है। इस अधिनियम के तहत स्कूल में प्रवेश पाने वाले किसी भी बच्चे से किराए के वाहन को छोड़कर अन्य किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जा सकता, लेकिन कई जगह गतिविधियों व परीक्षा शुल्क के रूप में मनमानी वसूली की जा रही है।
देवास के ऐसे ही एक स्कूल में एक-एक हजार रुपए लेने का खुलासा जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा सहायक संचालक की टीम से करवाई गई जांच में हुआ है। जांच में रुपए लेने की पुष्टि होने के साथ ही कई और मनमानियां भी सामने आई हैं। अब इस मामले में कड़ी कार्रवाई की तैयारी चल रही है।
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार सितंबर महीने में एक महिला ने जनसुनवाई में आवेदन देकर शिकायत की थी कि दो बच्चे जिन्हें आरटीई के तहत प्रवेश ओशन इंटरनेशनल स्कूल देवास में मिला है, उनसे एक-एक हजार रुपए मांगे जा रहे हैं। हम गरीब परिवार से हैं, रुपए नहीं दे सकते।
इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी राजीव सूर्यवंशी ने सहायक संचालक शिक्षा एसएन प्रजापति से मामले की जांच करवाई तो आरटीई के तहत प्रवेशित बच्चों से रुपए लेने का पता चला। यही नहीं, एक-एक हजार रुपए जिन बच्चों से लिए गए थे, उनकी रसीदें भी स्कूल प्रबंधन द्वारा काटी गई थीं। अधिकारियों के अनुसार यह राशि परीक्षा शुल्क के रूप में ली गई है।
जांच में यह भी सामने आया है कि स्कूल प्रबंधन द्वारा स्कूल से ही ड्रेस, बैग, टिफिन बॉक्स, मोजे आदि की बिक्री की जाती है। इसके लिए एक पैकेज बना रखा है जो लगभग चार हजार रुपए का है। मामले में आगे और विस्तृत जांच की तैयारी चल रही है, संभवतः आगामी दिनों में कार्रवाई आगे बढ़ सकती है। प्रारंभिक जांच में यह पता चला है कि इस स्कूल में आरटीई के तहत प्रवेश पाने वाले विद्यार्थियों की संख्या 77 है, इनमें से कितनों से रुपए लिए गए, इसकी जांच चल रही है।
ऐसा कुछ भी नहीं हो रहा है। यदि आप शिकायतकर्ता से जानकारी लेंगे तो वस्तुस्थिति स्पष्ट हो जाएगी।- विकास विश्वकर्मा, संचालक, ओशन इंटरनेशनल स्कूल।
यह नियमों के उल्लंघन का गंभीर मामला है। प्रारंभिक जांच में रुपए की मनमानी वसूली, नियम विरुद्ध स्कूल से ही सामग्री बेचना पाया गया है। मामले से कलेक्टर व जिपं सीईओ को अवगत कराकर एफआइआर दर्ज करवाने की कार्रवाई की जा रही है। वसूली की कार्रवाई विस्तृत जांच के अनुसार की जाएगी।- राजीव सूर्यवंशी, डीईओ, देवास।