देवास में माता टेकरी की 21 दानपेटियां खुलीं, देर रात तक चलेगी गिनती, नवरात्र में करीब 17 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
शारदीय नवरात्र में माता टेकरी पर मां चामुंडा और मां तुलजा भवानी के दर्शन के लिए करीब 17 लाख श्रद्धालु पहुंचे। नवरात्र समाप्त होने के बाद अब दानपेटियों...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 23 Oct 2026 02:04:12 PM (IST)Updated Date: Fri, 23 Oct 2026 02:04:12 PM (IST)
दान की राशि की गिनती करते कर्मचारी। -नईदुनियाHighLights
- गणना के लिए लगाई 70 कर्मचारियों की ड्यूटी
- पांच तहसीलदारों को सौंपी गई है जिम्मेदारी
- राशि की गिनती देर रात तक चलने की संभावना है
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास : शारदीय नवरात्र में माता टेकरी पर मां चामुंडा और मां तुलजा भवानी के दर्शन के लिए करीब 17 लाख श्रद्धालु पहुंचे। नवरात्र समाप्त होने के बाद अब दानपेटियों में चढ़ावे की गणना शुरू हो गई है। शुक्रवार को कुल 21 दानपेटियां खोली गईं। इनसे निकली राशि की गिनती देर रात तक चलने की संभावना है।
दानपेटियों से निकली राशि की गणना के लिए करीब 70 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इनमें पटवारी, कोटवार और देवस्थान समिति के कर्मचारी शामिल हैं। गणना की निगरानी और व्यवस्था के लिए पांच तहसीलदारों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। दानपेटियों से नकदी के साथ श्रद्धालुओं की मनोकामना से जुड़ी कई चिट्ठियां भी निकली हैं।
पिछले साल दानपेटियों से करीब 42 लाख रुपये की राशि प्राप्त हुई थी
पिछले साल दानपेटियों से करीब 42 लाख रुपये की राशि प्राप्त हुई थी। इस बार दानपेटियों से कितनी राशि निकली, इसका पता गणना पूरी होने के बाद ही चलेगा। इस वर्ष 4 लाख 30 हजार रुपये भक्तों ने ऑनलाइन दान किया है।
दानपेटियों से नकदी के अलावा विदेशी मुद्रा और चांदी के आभूषण भी निकले थे
दानपेटियों से नकदी के अलावा विदेशी मुद्रा और चांदी के आभूषण भी निकले। वहीं, श्रद्धालुओं ने अपनी मनोकामनाएं चिट्ठियों के जरिए मां तक पहुंचाई। किसी ने नौकरी मिलने की प्रार्थना की तो किसी ने बीमारी से मुक्ति मांगी। कुछ चिट्ठियों में परिवार की खुशहाली की कामना की गई। एक श्रद्धालु ने तो चिट्ठी में देवास शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने की प्रार्थना भी मां से की।
इस बार नवरात्र के नौ दिनों के अंतराल में करीब 17 लाख से अधिक श्रद्धालु देवास की माता टेकरी पर पहुंचे और मां चामुंडा के साथ मां तुलजा भवानी के दर्शन किए हैं।