
नईदुनिया न्यूज, उदयनगर (देवास) : आदिवासी बहुल अंचल के गांव कंड्या निवासी एक गर्भवती को प्रसव के लिए उदयनगर के सरकारी अस्पताल लाया गया। यहां उसने एक बालिका को जन्म दिया जिसकी कुछ ही देर में मौत हो गई।
कुछ देर बाद प्रसूता ने बच्चे के बारे में पूछा, मौत का पता चलते ही प्रसूता की तबीयत बिगड़ गई, गंभीर हालत में उसे उदयनगर से लेकर बागली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए स्वजन रवाना हुए लेकिन रास्ते में ही सांसें टूट गई। उदयनगर में डॉक्टर नहीं होने के कारण हालत बिगड़ने पर प्रसूता को त्वरित उपचार नहीं मिल पाया।
जानकारी के अनुसार शनिवार शाम को गर्भवती आरती पति सूरज मानकर को उदयनगर अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। यहां उसने एक बालिका को जन्म दिया जिसकी मौत हो गई। प्रसव के बाद जब महिला की हालत सामान्य हुई तो उसने अपने बच्चे के बारे में पूछा, किसी ने उसे बता दिया कि मौत हो गई थी। इसके बाद प्रसूता की तबीयत बिगड़ गई और रक्तस्राव अधिक होने लगा।
इस दौरान एंबुलेंस की उपलब्धता नहीं होने पर स्वजन उसे निजी वाहन से लेकर रात में बागली के लिए रवाना हुए लेकिन रास्ते में ही सांसें टूट गई। रविवार सुबह डाक्टरों की पैनल से पोस्टमार्टम करवाकर शव स्वजन के सुपुर्द किया गया। बताया जा रहा है कि विवाह के बाद आरती काम करने गुजरात चली गई थी।
वहां से ग्राम कंड्या लौटने पर वो गर्भवती थी, यहां आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नानूबाई एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने समय-समय उसकी जांच, टीकाकरण आदि भी किया था। बागली बीएमओ डॉ. अमित नागर ने बताया जन्मी बालिका का वजन काफी कम था, जन्म लेते ही उसकी मौत हो गई थी, इसका पता चलने के बाद प्रसूता की तबीयत बिगड़ गई थी और अधिक रक्तस्राव होने लगा। इसी के कारण मौत होना प्रारंभिक रूप से सामने आया है। विस्तृत पीएम रिपोर्ट से स्थिति और स्पष्ट होगी।
प्रसूता के परिचितों से मिली जानकारी के अनुसार तबीयत बिगड़ने के बाद 108 एंबुलेंस के लिए संपर्क किया गया था लेकिन उपलब्धता नहीं हो सकी, निजी वाहन की व्यवस्था में भी कुछ समय लग गया। उदयनगर में पदस्थ डाक्टर राहुल को ग्रामीणों की शिकायत के बाद पिछले माह हटा दिया गया। तब से यहां स्थायी डॉक्टर की नियुक्ति नहीं हो सकी है। यहां वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में रतनपुर, करनावद के डाक्टरों की तीन-तीन दिन ड्यूटी लगाकर काम चलाया जा रहा है। वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में होने के बावजूद डाक्टर की स्थायी नियुक्ति नहीं होने से मरीज व स्वजन परेशान हो रहे हैं।