
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। रक्षाबंधन पर बहन अपने भाई का इंतजार राखी बांधने के लिए कर रही थी लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था। देवास जिले के ग्राम बिजवाड़ के निवासी गौड़ परिवार पर उस समय दुखों का पहाड़ टूट पड़ा जब इकलौते बेटे की मौत की खबर आई।
बिजवाड़ के पूर्व सरपंच व कन्नौद भाजपा मंडल के पूर्व अध्यक्ष विक्रमसिंह गौड़ के इकलौते बेटे ज्योतिरादित्य सिंह गौड़ की एक माह पहले ही उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक निजी कंपनी में नौकरी लगी थी। रक्षाबंधन पर वह बहन से राखी बंधवाने बस से कानपुर से आ रहा था, रास्ते में राजगढ़ जिले के ब्यावरा में शुक्रवार सुबह हुए हादसे में उसकी मौत हो गई।
हादसे के बाद जब ब्यावरा से पुलिस का फोन परिवार के पास आया और उनको मृत्यु की खबर मिली तो स्वजन बदहवास हो गये। इसके बाद स्वजन ब्यावरा पहुंचे और वहां की प्रक्रिया पूरी करके शव लेकर बिजवाड़ आए। शव देखकर चीख-पुकार मच गई। गमगीन माहौल में बिजवाड़ के मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार किया गया। घटना के शोक स्वरूप बिजवाड़ में व्यापारियों ने प्रतिष्ठान बंद रखे।
यह भी पढ़ें- इंदौर, ओंकारेश्वर और खंडवा के लिए खुशखबरी, नर्मदा नदी पर बनकर तैयार हुआ 6-लेन आइकोनिक ब्रिज, जल्द शुरू होगा यातायात
ज्योतिरादित्य के पिता विक्रम सिंह गौड़ ने बताया नौकरी का एक माह पूरा होने पर ज्योतिरादित्य को पहली सैलरी मिली थी। उसने बहन, मां व परिवार के अन्य सदस्यों के लिए कपड़े, उपहार आदि खरीदे थे लेकिन वो सही सलामत घर नहीं पहुंच सका।