
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास : स्वच्छता सर्वेक्षण में स्वच्छ शहरों की केटेगरी में 50 हजार से तीन लाख की आबादी वाले शहरों में पिछले साल देवास देश में नंबर वन आया था। इस बार भी शहर को राष्ट्रपति पुरस्कार मिलेगा। महापौर को इसकी सूचना मिली है।
11 नवंबर को दिल्ली में होने वाले कार्यक्रम में यह सम्मान दिया जाएगा। इसी दिन रैंकिंग की घोषणा भी की जाएगी। अभी यह तय नहीं हुआ है कि अवार्ड किस केटेगरी के लिए मिल रहा है।
देवास को पिछले तीन वर्षों से स्वच्छता सर्वेक्षण में थ्री स्टार रेटिंग मिल रही थी। स्थिति को सुधारने के लिए नगर निगम ने एक विस्तृत कार्ययोजना बनाकर कचरा संग्रहण व निस्तारण को प्रभावी बनाने का कार्य किया। गारबेज फ्री सिटी बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया।
कचरा सेग्रीगेशन, सुंदरीकरण जैसे कई कार्य किए गए, जिस कारण शहर के भाल पर नंबर वन का ताज सजा। देशभर में देवास नंबर वन बना। इस उपलब्धि के कारण देवास का मान देशभर में तो बढ़ा ही, जिले की छोटी नगर परिषदों को भी बेहतर करने की प्रेरणा मिली। उपलब्धि इसलिए भी अहम रही क्योंकि पूर्व के वर्षों में देवास की रैंकिंग लगातार गिर रही थी। टाप 10 तक में शहर जगह नहीं बना सका था। ऐसे में नंबर वन बनना किसी सपने से कम नहीं था।
देवास नगर निगम को राष्ट्रपति पुरस्कार मिलेगा। दिल्ली से इसकी सूचना मिली है। स्वच्छता के क्षेत्र में लगातार दूसरी बार राष्ट्रीय स्तर का सम्मान मिलना पूरे देवास के लिए गर्व की बात है। यह उपलब्धि नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और खासकर सफाई मित्रों व जागरूक नागरिकों के कारण मिली है। इसके लिए शहरवासियों को बधाई देती हूं। -गीता दुर्गेश अग्रवाल, महापौर
11 नवंबर को ही पता चलेगा कि अवॉर्ड किस केटेगरी में मिल रहा है। उसी दिन रैंकिंग जारी की जाएगी। स्वच्छता के लिए मिलने वाले राष्ट्रपति पुरस्कार के लिए निगम की पूरी टीम सहित सफाई मित्रों व नागरिकों का सहयोग है। -दलीप कुमार, आयुक्त नगर निगम
यह भी पढ़ें- स्वच्छता में अव्वल, अब हवा भी साफ... देवास बना स्वच्छ वायु का दावेदार