
Dewas Crime News: नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। कबीर भजन गायक पद्मश्री प्रहलाद टिपानिया के भतीजे के न्यू देवास स्थित सूने मकान में चोरों ने धावा बोल दिया। ताला तोड़कर चोर अंदर घुसे और 40000 नगदी सहित सोने, चांदी के जेवरों पर हाथ साफ कर दिया। घटना 12 फरवरी की रात की बताई जा रही है जिसमें परिवार के लौटने के बाद मंगलवार शाम को पता चला।
देवास की बीएनपी पुलिस ने अज्ञात आरोपितों पर नकबजनी का केस दर्ज किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार धर्मेंद्र टिपानिया आवश्यक कार्य से दिल्ली गए हुए थे और उनकी पत्नी व बच्चे किसी शादी समारोह में गए थे। इसी बीच 12 फरवरी की रात में चोरों ने मकान में घुसकर 40000 रुपये, सोने की एक अंगूठी, टॉप्स, बाली, चांदी का कमरबंद आदि पर हाथ साफ किया।

मंगलवार शाम को जब धर्मेंद्र की पत्नी ममता वापस लौटी तो चोरी के बारे में उनको पता चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौका मुआयना किया और बाद में रात में प्रकरण दर्ज किया गया। टीआई अमित सोलंकी के अनुसार मामले में जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।