
Dewas Crime News: देवास(नईदुनिया प्रतिनिधि)। भौंरासा टोल टैक्स पर पिछले दिनों एक नाबालिग लड़के के साथ मारपीट के वायरल वीडियो के मामले में भौंरासा थाने में करीब डेढ़ दर्जन लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपतों की गिरफ्तारी को लेकर कार्रवाई की जा रही है। वीडियो इंटरनेट मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था। यदि पुलिस भीड़ से लड़के को नहीं बचाती तो बड़ी घटना हो सकती थी। पुलिस को नाबालिग लड़के और लड़की के यूपी से भागकर आने की सूचना मिली थी।
भौंरासा थाने से प्राप्त जानकारी के अनुसार हाल ही में दो नाबालिग लड़के और लड़की के यूपी बलिया से भागकर आने की सूचना मिली थी। स्थानीय पुलिस को दोनों को पुलिस अभिरक्षा में लेने के लिए कहा गया था। जिस पर पुलिस टीम ने टोल टैक्स पर बसों को रोककर चेकिंग शुरू की थी।
यूपी से अहमदाबाद के लिए जाने वाली बस की चेकिंग के दौरान दोनों नाबालिग मिल गए। उन्हें बस से उतारा गया। इस बीच उनका कार से पीछा कर रहे बदमाश भी आ गए और पुलिस की उपस्थिति में लड़के के साथ मारपीट करने लगे। पुलिस टीम ने भीड़ से लड़के को लेकर औद्योगिक थाने भेजा। साथ ही लड़की को महिला थाने भिजवाया गया। यूपी पुलिस की टीम भी स्वजनों के साथ इंदौर आ रही थी।
बाद में स्वजन लड़की को ले गए। लड़के के साथ आरोपितों के द्वारा मारपीट का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ था। लिहाजा पुलिस ने घटना को लेकर नामजद आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस के द्वारा आरोपितों की तलाश की जा रही है।