यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 11, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
देवास जिले में रिश्वत लेते डिप्टी रेंजर रंगे हाथों गिरफ्तार
वन विभाग के बेड़गांव सबरेंज के डिप्टी रेंजर अवधेश प्रतापसिंह पटेल को 5 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगेहाथों गिरफ्तार किया गया।
By Edited By:
Publish Date: Thu, 11 Dec 2014 01:09:18 PM (IST)Updated Date: Fri, 12 Dec 2014 02:26:52 PM (IST)

देवास। लोकायुक्त पुलिस उज्जैन ने गुरुवार सुबह लगभग 8.30 बजे वन विभाग के बेड़गांव सबरेंज के डिप्टी रेंजर अवधेश प्रतापसिंह पटेल को 5 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगेहाथों गिरफ्तार किया। बाद में आरोपी को 25 हजार रुपए के मुचलके पर रिहा कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार डिप्टी रेंजर पटेल ने फरियादी उमरावसिंह भिलाला निवासी बेड़गांव तहसील सतवास से उसके कमनगांव स्थित खेत में बने मचान में लगी गीली लकडी का केस न बनाने के लिए रिश्वत की मांग की थी। फरियादी ने इसकी शिकायत एसपी लोकायुक्त सिद्धार्थ चौधरी से 10 दिसंबर को की।
डीएसपी एसएस उदावत और इंस्पेक्टर बसंत श्रीवास्तव के साथ पहुंची टीम ने गुरुवार को फरियादी को रिश्वत के पैसे देकर डिप्टी रेंजर पटेल के बेड़गांव स्थित सरकारी क्वार्टर पर भेजा। डिप्टी रेंजर द्वारा रिश्वत की राशि लेते ही फरियादी ने इशारा किया और लोकायुक्त की टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को रंगेहाथों गिरफ्तार कर लिया।
इंस्पेक्टर श्री श्रीवास्तव ने बताया कि टीम के सदस्यों प्रधान आरक्षक समीर खान, आरक्षक नरेंद्र शर्मा, मोहम्मद इशरार, रमेश डाबर आदि ने पंचनामा बनाया। बाद में 25 हजार रुपए के मुचलके पर आरोपी को रिहा कर दिया गया। -निप्र