- आयोजन को लेकर बैठक हुई
देवास। दशहरा कृषि कला एवं औद्योगिक प्रदर्शनी मीना बाजार का आयोजन 21 सितंबर से 5 अक्टूबर तक आईटीआई मैदान पर किया जाएगा। मेले में अभा कवि सम्मेलन, मुशायरे का आयोजन भी होगा। प्रदर्शनी के लिए महापौर सुभाष शर्मा द्वारा गठित मुख्य मेला समिति की बैठक महापौर कक्ष में हुई। इसमें मेले में लगने वाले स्टालों की फीस को पूर्व वर्षों की भांति 3 हजार रुपए प्रति स्टाल ही रखा गया है तथा आवेदन शुल्क 50 रुपए रहेगा।
बैठक में राजस्व अधिकारी को निर्देश दिए कि मेले में स्वच्छता के लिए अस्थायी दुकानों में डस्टबीन अनिवार्य रूप से रखना होंगे। नहीं रखने पर दुकानों का आवंटन निरस्त किया जएगा। मेले में लगने वाले झूले में लोगों की सुरक्षा के लिए झूले ठेकेदार को सुरक्षा प्रमाण-पत्र देना होगा। मेले में 8 बाय 9 के 250 के लगभग स्टालों का निर्माण होगा। पुलिस चौकी, अस्थाई टॉयलेट की व्यवस्था की जाएगी। मेले में आनेवाले लोगों के वाहनों के लिए वाहन स्टैेंड की दरें फ्लेक्स बोर्ड पर प्रदर्शित की जाएगी। मेले में शालेय व ओपन स्थल पर खेलकूद स्पर्धाएं आयोजित होगी। सांस्कृतिक कार्यकम का आयोजन, शरीर सौरष्ठव प्रतियोगिता भी होगी। मेले में नगर निगम स्वच्छ भारत अभियान के संदेश भी प्रसारित कर लोगों को अभियान में सहभागी होने के लिए प्रेरित करेगी। बैठक में आयुक्त विशालसिंह चौहान, सदस्य बाली घोसी, अकिल हुसैन, ममता शर्मा, सत्यनारायण वर्मा, शशिकांत यादव, भरत चौधरी, कैलाश चौधरी, अशोक देशमुख, रविकांत मिश्रा, आसिम शेख आदि उपस्थित थे।