Dewas News: इन दो विभागों में वित्तीय अनियमितता की आशंका, खाते फ्रीज
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों जगह करोड़ों रुपये का गबन हुआ है। गड़बड़ी भोपाल में डायरेक्टर ट्रेजरीस के आफिस ने पकड़ी है। दोनों ही मामलों में संभागीय टीम जांच के बाद तय करेगी कि अनियमितता हुई है या कोई और मामला है। शनिवार को वित्तीय अनियमितता की आशंका में सीएमएचओ कार्यालय भी सील कर दिया गया।
By Paras Pandey
Edited By: Paras Pandey
Publish Date: Sat, 09 Mar 2024 09:01:37 PM (IST)
Updated Date: Sat, 09 Mar 2024 09:01:37 PM (IST)
पहले भूमि संरक्षण विभाग और अब सीएमएचओ कार्यालय सीलHighLights
- बाबू पर अपने खाते में अधिकारियों-कर्मचारियों की पेंशन राशि डालने का आरोप
- भोपाल में गड़बड़ी ट्रेस होने के बाद हुई कार्रवाई
देवास, (नईदुनिया प्रतिनिधि)। जिले के दो सरकारी कार्यालयों में करोड़ों रुपये के गबन की आशंका में कार्यालयों को सील किया गया है। कुछ दिन पहले सहायक भूमि संरक्षण अधिकारी और शनिवार को सीएमएचओ कार्यालय को वित्तीय अनियमितता की आशंका में सील कर दिया गया। दोनों के ही खातों को पहले फ्रीज किया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों जगह करोड़ों रुपये का गबन हुआ है। गड़बड़ी भोपाल में डायरेक्टर ट्रेजरीस के आफिस ने पकड़ी है। दोनों ही मामलों में संभागीय टीम जांच के बाद तय करेगी कि अनियमितता हुई है या कोई और मामला है। शनिवार को वित्तीय अनियमितता की आशंका में सीएमएचओ कार्यालय भी सील कर दिया गया।
एसडीएम ने विभाग सील करने के दौरान बताया कि कलेक्टर के आदेश के बाद यह कार्रवाई की गई है। कार्यालय सील करने के साथ ही यहां से दस्तावेजों का बस्ता भी कर्मचारी लेकर गए हैं। कार्यालय से संबंधित कर्मचारियों के एरियर भुगतान, पेंशन भुगतान व अन्य मामलों में गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही है। इसके पूर्व स्टेशन रोड स्थित सहायक भूमि संरक्षण अधिकारी कार्यालय को भी सील किया गया था। दोनों ही विभागों के खाते भी फ्रीज किए गए हैं।
भूमि संरक्षण कार्यालय के सहायक ग्रेड 3 कर्मचारी पर शंका है कि उसने अधिकारियों-कर्मचारियों के पेंशन की राशि में हेरफेर करते हुए अपने और स्वजन के खाते में डलवा दी। उज्जैन से आई संभागीय कोषालय टीम ने यहां से दस्तावेज भी जब्त किए हैं। बताया जा रहा है कि संबंधित कर्मचारी परिवार सहित गायब है। कर्मचारी पर स्वयं, अपनी मां और भाई के खातों में करीब दो करोड़ रुपये ट्रांसफर करने की शंका है। मामले में कलेक्टर ऋषव गुप्ता का कहना है कि प्रारंभिक जांच की जा रही है।
शुरूआती कार्रवाई में कार्यालय सील करना और खाते फ्रीज करना शामिल है। वित्तीय अनियमितता को लेकर उन्होंने कहा कि पूरी जांच होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। विभाग के जिस कर्मचारी पर आशंका जताई जा रही है वह अधिकारी-कर्मचारियों के बिल बनाकर कोषालय से राशि डलवाने और सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारी-कर्मचारियों की राशि खातों में भिजवाने का काम देखता है। एक वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी की सेवानिवृत्ति के बाद उनके नाम से राशि आहरित करने का मामला भी सामने आया है।
डायरेक्टर आफ ट्रेजरी के निर्देश पर कार्रवाई की जा रही है। अकाउंटस पेमेंट्स में अनियमितता को लेकर जांच की जा रही है। ऐसे मामले में तत्काल अकाउंट फ्रीज कर देते हैं और संबंधित कार्यालय सील करते हैं। संभाग स्तरीय ट्रेजरी की टीम आकर जांच करेगी। प्रथम दृष्टया अनियमितता की रिपोर्ट आई है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।- ऋषव गुप्ता, कलेक्टर, देवास