नईदुनिया न्यूज, सोनकच्छ (देवास)। इंदौर-भोपाल हाइवे पर सोनकच्छ के समीप रविवार सुबह करीब 8 बजे ग्राम अगेरा के पास सड़क हादसा हो गया। बारिश के दौरान तेज रफ्तार कार जीजे 06डीएम 7492 अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई।
बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई कार
दुर्घटना के बाद कार के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार में दो ही लोग बैठे थे। आसपास के राहगीरों ने 108 एम्बुलेंस और डायल 100 को फोन लगाकर सूचना दी। जोरदार टक्कर से कार सवार वाहन के अंदर ही फंस गए थे। इनको मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
अस्पताल में किया मृत घोषित
ग्रामीणों की मदद से दोनो घायलों को एम्बुलेंस से सोनकच्छ सिविल अस्पताल लाया गया। यहां डॉक्टर संदीप भंडारी ने जांच करके मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर के अनुसार दोनों की मौत घटनास्थल पर ही हो चुकी थी। सोनकच्छ पुलिस की प्रारंभिक जांच में फिलहाल एक मृतक की शिनाख्त गुजरात के सूरत जिले के कड़ोदरा तहसील के वरेली गांव के बिजेंद्र मिश्रा के रूप में हुई है, वहीं दूसरे मृतक की शिनाख्त के प्रयास किये जा रहे हैं।
पिछली सीट पर रखा था अनाज
मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम उनके परिजनों के आने के बाद किया जाएगा। दुर्घटना का कारण फिलहाल अज्ञात है। कार में पीछे की सीट पर अनाज रखा हुआ था। हादसे के बाद हाइवे पर आवागमन प्रभावित हो रहा था, बाद में पुलिस ने कार को एक ओर करवाया। पुलिस के अनुसार दूसरे मृतक के बारे में बिहार निवासी होने का पता चला है।