नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास: शहर में 3 जुलाई को दिनदहाड़े हुए सनसनीखेज हत्याकांड के मुख्य आरोपित व एक अन्य को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को जवाहर नगर में कुणाल बैरागी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस के अनुसार इस हत्याकांड के बाद मृतक के साथियों ने आरोपित के घर जाकर तोड़फोड़ और फायर किए थे, जिसपर उनके खिलाफ भी गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने 8 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
हत्या के मुख्य आरोपित अम्बरेश प्रसाद, उसके साथी भावेश झाला और आरोपित के घर हमले के मामले में संस्था राम-राम के शैलेंद्रसिंह पंवार सहित 8 लोगों को पकड़ा गया। पंवार को शुक्रवार को ही न्यायालय में पेश कर इंदौर जेल भेज दिया गया।
हत्याकांड के आरोपितों अम्बरेश और भावेश की पुलिस रिमांड न्यायालय से ली गई है। इस सनसनीखेज मामले का खुलासा पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने शुक्रवार को पुलिस कंट्रोल रूम में पत्रकार वार्ता के दौरान किया। एसपी ने बताया कि 3 जुलाई को जवाहर नगर में कुणाल बैरागी की हत्या हुई थी। इस मामले में आरोपित अंबरेश को लोहारी से राजस्थान की ओर भागने की कोशिश करने के दौरान पकड़ा गया।
मृतक बैरागी के खिलाफ भी 15 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे। उसका जिलाबदर का प्रकरण भी लंबित है। दूसरी तरफ आरोपित अम्बरेश पर भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। एसपी ने बताया कि हत्याकांड के पूर्व मृतक व उसके साथियों ने जेल पहुंचकर वहां पहले से बंद राहुल पंवार से बात की और उसको धमकाया। उसी दिन राहुल की कोर्ट में पेशी होना थी, परन्तु उसे लाया नहीं जा सका, जिसके चलते आनलाइन पेशी हुई।
जेल में राहुल से बात करने के बाद सभी जवाहर नगर पहुंचे, जहां उन्होंने अम्बरेश को घेर लिया। खुद को घिरा हुआ देखकर अम्बरेश ने गोली चला दी, जो कुणाल को लगी और उसकी मौत हो गई। मामले में भावेश झाला को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य दो आरोपित फरार बताए गए हैं।
एसपी ने बताया कि अपने साथी को अस्पताल में छोड़कर सभी हत्या के आरोपित अम्बरेश के घर गए और तोड़फाेड़ कर फायर भी किए, जिसमें आरोपित की पत्नी बच गई। इस संबंध में अम्बरेश की पत्नी की रिपोर्ट पर आरोपित कपिल थिटे, शैलेंद्रसिंह, नीरज वर्मा, आनंद मंसारे, शुभम नेगी, चेतन देवलिया, पंकज खाटवा, रोहित सूर्यवंशी व अन्य के खिलाफ हत्या का प्रयास, बलवा आदि की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर इन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपितों से दो पिस्टल व 8 कारतूस भी बरामद किए गए हैं। शुक्रवार को यह जानकारी भी मिली कि पुलिस ने संस्था राम-राम के ही एक अन्य सदस्य के खिलाफ भी आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
इधर पुलिस ने जेल में बंद राहुल पंवार की शिकायत पर भी जेल पहुंचकर धमकी देने के मामले में आनंद मंसारे, आेम मांडले व तीन अन्य के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है। नाहर दरवाजा थाना में दर्ज प्रकरण के अनुसार आरोपितों ने राहुल को जेल से बाहर आने पर गोली मारने की धमकी दी थी।
एसपी ने बताया कि आरोपित अम्बरेश और शैलेंद्र सिंह पंवार पूर्व में अच्छे दोस्त थे और 2018 में हत्या के प्रयास के मामले में इनके खिलाफ प्रकरण भी दर्ज हुआ था। दोनों में रुपयों के लेनदेन के चलते आपसी मतभेद हुआ और रंजिश रखने लगे। एसपी ने बताया कि अब पुलिस उन लोगों की जानकारी निकाल रही है, जिन्होंने अपने विवाद सुलझाने के लिए इनकी मदद ली थी।