
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। अंचल के खातेगांव थाना क्षेत्र के ग्राम बछखाल में महिला के प्लॉट पर कब्ज़ा करने वाले लोगों ने झोपड़ी में आग लगा दी। इसकी चपेट में आकर महिला गंभीर रूप से झुलस गई। उपचार के लिए महिला को पहले हरदा फिर इंदौर ले जाया गया लेकिन सांसें टूट गई। महिला ने मृत्यु पूर्व बयान में अपने जेठ और उसके तीन बेटों पर आग लगाने का आरोप लगाया है फिलहाल मामले में प्रकरण दर्ज नहीं हुआ है पुलिस जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार बछखाल निवासी गायत्री पति नारायण का मकान निर्माण ग्राम में चल रहा है। गायत्री व उनके पति पिछले कुछ दिनों से इंदौर में गंगानगर धार रोड में किराए के मकान में रहने वाले अपने पुत्र विजय बैरागी के यहां रह रहे थे। कुछ दिन पहले ही वह गांव लौटे थे। यहां जिस मकान में काम चल रहा है उसके बगल में उन्होंने एक झोपड़ी बना रखी थी।
गुरुवार सुबह जब नारायण लघु शंका के लिए झोपड़ी से बाहर गए हुए थे तो उनके बड़े भाई व परिवार के लोगों ने जिन्होंने उनके प्लॉट पर कब्जा कर रखा है, मिलकर झोपड़ी में आग लगा दी। उस समय गायत्री अंदर सो रही थीं जो आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गईं, उन्हें खातेगांव में प्राथमिक उपचार के बाद हरदा ले जाया गया स्थिति गंभीर होने पर इंदौर ले गए लेकिन वहां उपचार के दौरान मौत हो गई।
गायत्री के पुत्र विजय ने बताया उनके माता-पिता अयोध्या धाम भगवान राम के दर्शन करने 20 जून को जाने वाले थे इसलिए गुरुवार को सुबह जल्दी उठकर वह खातेगांव से इंदौर के लिए 6 बजे बस पकड़ने वाले थे, इसके पहले ही यह घटना हो गई। प्लॉट पर कब्जे के संबंध में हमने पूर्व में प्रशासन से शिकायत की थी लेकिन सुनवाई नहीं की गई।
महिला की मृत्यु इंदौर में हुई है वहां से मर्ग डायरी आने के बाद मर्ग कायम कर जांच शुरू की जाएगी। अस्पताल में उपचार के दौरान महिला का एक वीडियो संज्ञान में आया है, जिसमें उनके द्वारा कुछ लोगों के नाम लेकर आग लगाने का आरोप लगाया गया है, इसकी जांच की जा रही है। - आदित्य तिवारी, एसडीओपी कन्नौद।