
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास : खातेगांव टीआई दिलीप पुरी को ट्रक से कुचलने के मामले में जांच कर रही एसआईटी की गिरफ्त में ट्रक ड्राइवर का सहयोगी और सहचालक आरोपी धीरज भी आ गया है। उसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस को उसका भी शॉर्ट एनकाउंटर करना पड़ा।
अवैध शराब तस्करी रोकने के दौरान बलिदान हुए थाना प्रभारी दिलीप पुरी के प्रकरण में वांछित आयशर वाहन ड्राइवर का सह आरोपी धीरज को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। थाना बैंक नोट प्रेस क्षेत्र में आरोपी धीरज ने पुलिस अभिरक्षा से भागने का किया प्रयास, पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।
पुलिस अभिरक्षा में ले जाते समय थाना बैंक नोट प्रेस क्षेत्र में आरोपी धीरज ने भागने का प्रयास किया गया। इस दौरान आरोपी ने पुलिसकर्मी से हथियार छीनकर पुलिस पर हमला करने का प्रयास भी किया। पुलिस द्वारा चेतावनी देने के बावजूद आरोपी के नहीं रुकने पर पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। गोली लगने से घायल हुए आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल देवास में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
इसके पहले खातेगांव टीआई दिलीप पुरी को ट्रक से कुचलने के मामले में जांच कर रही एसआईटी की गिरफ्त में आए मुख्य आरोपी ड्राइवर गजेंद्र रावत उर्फ अक्कू का पुलिस ने शार्ट एनकाउंटर किया था। राजोदा से बरोठा के बीच आरोपी ने पुलिस टीम पर जानलेवा हमला कर भागने का प्रयास किया था। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एसआईटी गजेंद्र रावत उर्फ अक्कू को लेकर खातेगांव की ओर जा रही थी। इसी दौरान राजोदा और बरोठा के बीच पुलिस वाहन का टायर पंचर हो गया। पुलिसकर्मी वाहन रोककर टायर बदल रहे थे, तभी सुरक्षा घेरे में मौजूद एएसआई जैसे ही उसे साइड में ले गए, उसने अचानक एएसआई की सर्विस रिवॉल्वर छीन ली और भागने लगा।
एसआईटी ने उसको रोकने की कोशिश की तो आरोपित ने फायर कर दिया। एसआईटी ने मोर्चा संभाला और आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक गोली गजेंद्र के पैर में जा लगी, जिससे वह घायल हो गया। टीम ने तुरंत घेराबंदी कर उसे मौके पर ही दबोच लिया और छीनी गई सर्विस रिवाल्वर बरामद कर ली। घायल अक्कू को देर रात जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- देवास की घटना के बाद शुरू हुआ एक्शन, उमरिया में उमड़ार नदी किनारे फिर बनती मिली अवैध शराब