
इंदौर। नईदुनिया प्रतिनिधि
वैष्णोदेवी जाने वालों के लिए रेलवे मालवा एक्सप्रेस को कटरा तक चलाने जा रहा है। यह सौगात 1 जून से मिलेगी। जम्मू से कटरा के बीच पांच स्टेशनों पर ट्रेन का स्टॉपेज रहेगा। रतलाम मंडल की तैयारियां पूरी हैं। अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। कटरा तक रिजर्वेशन भी शुरू हो चुके हैं।
12919/12920 मालवा एक्सप्रेस को रेलवे ने जम्मू के बजाय कटरा तक चलाने का फैसला लिया है। इंदौर से ट्रेन दोपहर 12.25 बजे रवाना होगी, जो अगले दिन शाम 4.10 बजे जम्मू पहुंचेगी। दोनों स्टेशनों के बीच ट्रेन सुपरफास्ट चलाई जाएगी। मगर जम्मू के बाद कटरा तक ट्रेन फास्ट पैसेंजर में तब्दील हो जाएगी। पहाड़ी इलाका होने से ट्रेन की गति कटरा तक कम रखी जाएगी। शाम 4.20 बजे जम्मू से रवाना होने वाली ट्रेन शाम 6.25 तक कटरा पहुंचेगी। 1 जून से ही कटरा से इंदौर तक मालवा एक्सप्रेस का संचालन भी किया जाएगा। वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी जितेंद्र कुमार जयंत ने बताया कि रेलवे सिस्टम को अपडेट कर दिया गया है। यात्री अब कटरा तक का रिजर्वेशन करवा सकते हैं।