
देवास। जिला अस्पताल में भर्ती एक महिला की उपचार के दौरान शुक्रवार को मौत हो गई। घटना के बाद मृतका के परिजन भड़क गए तथा डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। परिजनों का कहना था कि तेज बुखार में महिला को गलत इंजेक्शन लगा दिया जिस कारण उसकी मौत हो गई। बाद में थाने पहुंचक आवेदन दिया।
कोतवाली पुलिस ने बताया कि महिला का नाम रुखसार पति जाकिर खां (21) निवासी नौसराबाद है। दो दिन पहले उसकी तबियत खराब हुई थी। इस पर परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल आए थे। यहां डॉक्टरों ने उसे भर्ती कर लिया। शुक्रवार को उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही के आरोप लगाए तथा थाने पहुंचकर आवेदन दिया। मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की है।
जांच के बाद करेंगे कार्रवाई
कोतवाली थाना प्रभारी भूपेंद्रसिंह ने बताया कि घटना के बाद जिला अस्पताल गए थे। डॉक्टरों द्वारा अब तक किए गए उपचार का रिकॉर्ड देखा। परिजनों का कहना था कि महिला को तेज बुखार था तथा डॉक्टरों ने इंजेक्शन लगा दिया जिस कारण मौत हो गई। डॉक्टरों का कहना था कि महिला डायबिटिज पेशेंट थी। उसकी शुगर काफी बढ़ गई थी। इस कारण उसकी मौत हो गई। बाद में डॉक्टरों की पैनल से मृतका का पोस्टमार्टम कराया तथा नायब तहसीलदार ने पंचनामा बनाया। महिला के परिजनों की शिकायत की जांच कर रहे हैं। जांच के बाद जो भी बात सामने आएंगी उसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।-निप्र