आप लोगों को सुविधाएं न मिले तो मामा मंत्री किसलिए बना है, देवास पहुंचे केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान बोले
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार दोपहर जिले के खातेगांव पहुंचे। यहां उन्होंने आम सभा की। कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ किया। इस दौरान लाडली बहनों और भांजे-भांजियों से संवाद किया।
Publish Date: Sat, 05 Sep 2026 03:50:22 PM (IST)Updated Date: Sat, 05 Sep 2026 03:50:22 PM (IST)
देवास पहुंचे शिवराज सिंह चौहान ने महिलाओं से राखी बंधवाई। (नईदुनिया प्रतिनिधि)HighLights
- खातेगांव में नि:शुल्क कौशल प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ किया
- लाड़ली बहनों व भांजे-भांजियों से किया संवाद
- सभा के दौरान क्षेत्र के हजारों लोगों की उपस्थित रही
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास : प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार दोपहर जिले के खातेगांव पहुंचे। यहां उन्होंने आम सभा की। कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ किया। इस दौरान लाडली बहनों और भांजे-भांजियों से संवाद किया।
चौहान ने कहा जब तक पैसा ना हो, आमदनी ना बढ़े तब तक जिंदगी ढंग से नहीं चलती है और पैसे के लिए चाहिए काम-धंधा, रोजगार और यदि रोजगार पाना है तो उसके लिए चाहिए हुनर... हाथों में कारीगरी होना चाहिये। बिना हुनर के कोई रोजगार मिलेगा क्या। इसे देखते हुए देवास के अलावा विदिशा, सीहोर, रायसेन व कई अन्य जगह निशुल्क कौशल विकास केंद्र की शुरुआत कर रहे हैं।
यहां पर शुरुआती दौर में ब्यूटी पार्लर और सिलाई का प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण 35-35 दिन का रहेगा। इसके साथ ही रहने व भोजन की व्यवस्था की जाएगी। अगर आप लोगों को सुविधा ना मिले तो फिर मामा मंत्री किसलिए बना है। सभा के दौरान क्षेत्र के हजारों लोगों की उपस्थित रही।
भाई-बहन का रिश्ता सबसे पवित्र...
लाडली बहनों से संवाद करते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री चौहान ने कहा राखी का धागा तो कच्चा हो सकता है लेकिन भाई-बहन के संबंध बहुत पक्के रहते हैं। इससे पवित्र रिश्ता और कोई दूसरा नहीं होता है। भाई को सबसे ज्यादा खुशी तब होती है जब वह बहन के घर जाता है और दुनिया के सारे दुख दर्द वहां भूल जाता है।
वहीं बहनें कुछ भी सहन कर लें लेकिन अपने भैया की बुराई कभी सहन नहीं करती हैं। चौहान ने फूलों का तारों का सबका कहना है एक हजारों में मेरी बहना है...गाकर भी सुनाया। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री ने लाडली बहनों से राखी बंधवाई।
कलेक्टर, विधायक और भाजपा जिलाध्यक्ष ध्यान दें, प्रशिक्षण देकर छोड़ दिया ऐसा ना हो...
सभा के दौरान चौहान ने कहा जिले के कलेक्टर, स्थानीय विधायक आशीष शर्मा और भाजपा जिला अध्यक्ष रायसिंह सेंधव ध्यान दें, प्रशिक्षण देकर छोड़ दिया जाए ऐसी स्थिति ना बने। प्रशिक्षण के बाद जो अपना काम शुरू करना चाहते हैं उनको बैंक से लोन मिले और वह आगे अपना रोजगार स्थापित कर सकें, इस पर भी ध्यान देने की जरूरत रहेगी।