
दीपक विश्वकर्मा, नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध खिवनी वन्यजीव अभयारण्य में वन्यजीव प्रेमियों और पर्यटकों को धनतेरस पर रोमांचक नजारा देखने को मिला। कनाडा से अभयारण्य भ्रमण पर आईं विदेशी पर्यटक सिएरा डिसूजा को जंगल सफारी के दौरान दुर्लभ जंगली कुत्ते (ढोल), बाघ और अन्य वन्यजीवों की शानदार साइटिंग हुई।
सफारी के अनुभव को साझा करते हुए कनाडाई पर्यटक सिएरा डिसूजा ने बताया कि उन्होंने पहले भी कई सफारी की हैं, लेकिन खिवनी अभयारण्य का अनुभव अब तक का सबसे बेहतरीन और पसंदीदा रहा है। उन्होंने बताया कि भ्रमण के दौरान उन्हें कई बार जंगली कुत्ता नजर आया और उन्होंने लगभग 5 से 6 मिनट तक उसका दीदार किया।
इसके अलावा जंगल में बाघ नीलगाय, चीतल (स्पाटेड डियर), बंदर, ईगल और विभिन्न प्रजातियों के पक्षी भी स्वच्छंद विचरण करते दिखाई दिए।
यह भी पढ़ें- पन्ना में टिटहरी के दुर्लभ अंडों ने बढ़ाई उत्सुकता, जानें बारिश के संबंध में क्या संकेत देते हैं ये
अभयारण्य अधीक्षक विकास माहोरे ने बताया कि खिवनी के जंगलों में वाइल्ड डाग (भारतीय जंगली कुत्ता/ढोल) बेहद दुर्लभ माना जाता है। सैलानियों की बढ़ती आवाजाही और दुर्लभ वन्यजीवों के लगातार हो रहे दीदार से खिवनी वन्यजीव अभयारण्य ईको-पर्यटन के नक्शे पर तेजी से अपनी विशिष्ट पहचान बना रहा है।
वनरक्षक कृष्णकांत वर्मा ने बताया कि इससे पहले गर्मियों के मौसम में ढोल की मौजूदगी दर्ज की गई थी, जिसके बाद अब एक बार फिर पर्यटकों को इसके सीधे दर्शन हुए हैं। अभयारण्य में टाइगर और दुर्लभ वन्यजीवों की बढ़ती सक्रियता से पर्यटक और वन्यजीव प्रेमी भी उत्साहित हैं।