
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। ट्रेंचिंग ग्राउंड पर गोवंश के शवों को अव्यवस्थित तरीके से फेंके जाने और विरोध करने पहुंचे गोरक्षकों पर एट्रोसिटी एक्ट के तहत दर्ज एफआईआर के विरोध में सोमवार को जमकर हंगामा हुआ। प्रदर्शन के दौरान तीन बार एबी रोड जाम कर दिया गया।
बड़ी संख्या में गोरक्षक नगर निगम पहुंचे
दोपहर में सयाजी द्वार पर एकत्रित होकर बड़ी संख्या में गोरक्षक नगर निगम पहुंचे। यहां गोसेवकों ने नारेबाजी की और निगम अधिकारियों को सद्बुद्धि देने के लिए हनुमान चालीसा का पाठ किया। निगमायुक्त के नहीं पहुंचने पर कुछ गोरक्षकों ने एबी रोड पर जाम लगा दिया। इसके बाद उज्जैन चौराहे के पास पुलिस के बैरिकेड उठाकर सड़क पर रख दिए, जिससे एबी रोड पर जाम जैसे हालात बन गए।
गौरतलब है कि 24 फरवरी को ट्रेंचिंग ग्राउंड पर गोवंश के शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिले थे। गोरक्षकों ने इसका वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किया था, जिसके बाद मामला सामने आया। इस दौरान निगम कर्मचारियों और गोरक्षकों के बीच विवाद भी हुआ था। आरोप लगाया गया कि ट्रेंचिंग ग्राउंड पर गायों की हड्डियों और चमड़े का धंधा निगम कर्मचारी करते हैं।
दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
गोरक्षकों ने निगम उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर एफआईआर निरस्त करने और ट्रेंचिंग ग्राउंड मामले में दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में निगमायुक्त दलीप कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है और अन्य संबंधितों पर भी कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें- MP में मिलावटखोरों पर बड़ी कार्रवाई... होली पर लिए 3996 सैंपल, 17 कारोबारियों के लाइसेंस रद, 42 मामले दर्ज