
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। शहर की लगभग 200 वर्ष पुरानी धरोहर माने जाने वाला निर्माणाधीन कलेक्टोरेट के समक्ष विशाल बरगद रविवार को गिर गया था। इस ऐतिहासिक वृक्ष को बचाने के लिए ग्रीन आर्मी एवं जागरूक नागरिकों ने तत्काल पहल करते हुए कलेक्टर और निगमायुक्त को ज्ञापन दिए। कलेक्टर ऋतुराज सिंह और निगमायुक्त दलीप कुमार ने भी तत्काल मामले को संज्ञान में लेते हुए बरगद के वृक्ष को पुनः उसी स्थान पर स्थापित करवा दिया।
ग्रीन आर्मी द्वारा मंगलवार काे इस मामले में दोनों अधिकारियों से मुलाकात की थी। ज्ञापन में कलेक्टर कार्यालय परिसर, एमजी अस्पताल परिसर, एमजी रोड क्षेत्र एवं स्वास्थ्य विभाग की भूमि पर स्थित दशकों और शताब्दियों पुराने वृक्षों के संरक्षण की मांग की गई।
ज्ञापन में इन क्षेत्रों का ट्री सेंसस कराने तथा गिरे हुए बरगद के वृक्ष को बचाने के लिए विशेषज्ञों की सहायता लेने की मांग प्रमुख रूप से रखी गई। कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने सभी संबंधित विभागों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट आश्वासन दिया कि इन क्षेत्रों में कोई भी पेड़ नहीं काटा जाएगा।
नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार के निर्देश पर उज्जैन से वृक्ष विशेषज्ञों को बुलाया गया, जिन्होंने लगभग 200 वर्ष पुराने बरगद के वृक्ष को जीवित रखने के लिए आवश्यक तकनीकी उपाय सुझाए। प्रशासन ने विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में बरगद के वृक्ष को पुनः उसी स्थान पर खड़ा किया तथा उसकी जड़ों के चारों ओर वैज्ञानिक तरीके से मिट्टी का भराव किया। आयुक्त ने यहां बनने वाले नाले के मार्ग में आवश्यक परिवर्तन करने का आश्वासन भी दिया।