देवास में मां तुलजा भवानी व चामुंडा माता की पालकी को प्रशासन पहली बार देगा गार्ड ऑफ ऑनर
मां तुलजा भवानी एवं चामुंडा माता के नाम से पहचाने जाने वाले देवास की धार्मिक विरासत में नया अध्याय जुड़ने वाला है। माता मूर्ति विसर्जन चल समारोह के दौ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 29 Sep 2026 04:05:02 PM (IST)Updated Date: Tue, 29 Sep 2026 04:05:02 PM (IST)
मां तुलजा भवानी व चामुंडा माता। (फाइल फोटो)HighLights
- विधायक ने रखा प्रस्ताव, कलेक्टर ने दी सहमति
- नवरात्र की तैयारी को लेकर हुई बैठक
- सफाई के साथ ही भीड़ प्रबंधन, ट्रैफिक, पार्किंग पर भी हुई बात
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास : मां तुलजा भवानी एवं चामुंडा माता के नाम से पहचाने जाने वाले देवास की धार्मिक विरासत में नया अध्याय जुड़ने वाला है। माता मूर्ति विसर्जन चल समारोह के दौरान माता टेकरी से निकलने वाली मां चामुंडा व तुलजा भवानी माता की पालकी को सयाजी द्वार पर प्रशासन द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। पहली बार यह होगा, जिसे लेकर शहरवासियों में उत्साह है।
दरअसल, सोमवार को नगर निगम सभागार में नवरात्र की तैयारी के संबंध में बैठक हुई थी। इसमें विधायक गायत्रीराजे पवार, महापौर दुर्गेश अग्रवाल, कलेक्टर ऋतुराज सिंह, कमिश्नर दलीप कुमार, सभापति रवि जैन सहित पुलिस-प्रशासन के अधिकारी शामिल हुए।
देवास की धार्मिक व सांस्कृतिक पहचान मां चामुंडा व मां तुलजा भवानी से है
विधायक ने कहा कि देवास की धार्मिक व सांस्कृतिक पहचान मां चामुंडा व मां तुलजा भवानी से है। इन दो देवियों के आशीर्वाद से ही देवास लगातार विकास कर रहा है। इसी को देखते हुए देवास की आस्था के सबसे बड़े पर्व नवरात्र के विसर्जन चल समारोह में टेकरी से निकलने वाली मां चामुंडा व तुलजा भवानी की पालकी (सवारी) को सयाजी द्वार पर प्रशासन द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाए।
विधायक की पहल का जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक अमले ने स्वागत किया
विधायक की इस पहल का बैठक में जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक अमले ने स्वागत किया। कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने गार्ड ऑफ ऑनर के लिए सहमति प्रदान करते हुए आयोजन को मूर्त रूप देने की बात कही।
शहर की पहचान ही माता टेकरी से है
विधायक पवार ने कहा कि उज्जैन में बाबा महाकाल की सवारी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाता है, ऐसे में मन में विचार आया कि देवास में भी ऐसा होना चाहिए क्योंकि इस शहर की पहचान ही माता टेकरी से है, इसलिए यह सुझाव दिया, जिस पर सहमति बनी है।
श्रद्धालुओं का किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा
उन्होंने कहा कि टेकरी पर आने वाले श्रद्धालुओं का किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा। पार्किंग के नाम पर किसी भी श्रद्धालु के साथ दुर्व्यवहार नहीं होना चाहिए। पालीथिन डिस्पोजेबल सामग्री के उपयोग से बचें व कचरा डस्टबिन में ही संग्रहित करें।
टेकरी स्थित अन्य मंदिरों में ताला नहीं लगाया जाए
बैठक में विधायक पवार ने कहा कि नवरात्र के दौरान टेकरी के परिक्रमा मार्ग पर स्थित हनुमानजी, कालिका माता, खो-खो माता सहित अन्य मंदिरों पर ताला लगा दिया जाता है, जिससे श्रद्धालुओं में नाराजगी रहती है। इस नवरात्र महोत्सव में ताला खुला रखने हेतु चर्चा की जिस पर प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि इस बात का विशेष ध्यान रखा जाएगा।