
नईदुनिया प्रतिनिधि, उदयनगर (देवास)। उदयनगर तहसील मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर पोलाखाल के जंगल में पटाखे की दो अवैध फैक्ट्री टीन शेड में चलाई जा रही थी। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद उदयनगर थाने की पुलिस टीम ने रविवार दोपहर यहां दबिश दी तो हजारों सुतली बम, बारूद और इनको बनाने में उपयोग होने वाली सामग्री मिली। मौके से करीब 4 से 5 मजदूर मिले हैं जिनसे पुलिस द्वारा पूछताछ की जा रही है।

पुलिस की घेराबंदी के दौरान कुछ श्रमिक जंगलों की ओर भाग निकले हैं जिनकी तलाश की जा रही है। फैक्ट्री का संचालन किसके द्वारा किया जा रहा था अभी यह खुलासा नहीं हो पाया है। उदयनगर थाना टीआई सीएल रायकवार के अनुसार सुतली बम की अभी गिनती नहीं की गई है, मामले में कार्रवाई जारी है।

अवैध फैक्ट्री संचालन की सूचना पूर्व में उदयनगर थाने में पदस्थ रह चुके टीआई भगवान सिंह बीरा को मिली थी। इसके बाद उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और फिर पुलिस द्वारा दबिश की तैयारी की गई। कार्रवाई में टीआई बीरा भी शामिल रहे। मौके से करीब आधा दर्जन बाइक भी पुलिस ने जब्त की है।