*पीपलरावां में वे अब तक की सबसे कम उम्र की अध्यक्ष, चार नामांकन जमा हुए, तीन ने नाम वापस लिए
पीपलरावां। बुधवार को नगर परिषद पीपलरावां के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का निर्वाचन हुआ। इसमें भाजपा की अधिकृत प्रत्याशी कविता देवनारायण शर्मा निर्विरोध अध्यक्ष घोषित हुईं। इसके पूर्व परिषद कार्यालय पर रिटर्निग अधिकारी अभिषेक सिंह ने अध्यक्ष के निर्वाचन की प्रक्रिया प्रारंभ की। इसमें एक मात्र नामांकन भाजपा की कविता शर्मा का ही नामांकन जमा हुआ। फार्म की जांच के बाद शर्मा के निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित होने की घोषणा की गई। इसके बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने पटाखे चलाकर खुशी जाहिर की।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2002 में नगर परिषद के गठन के बाद से अब तक बने छह अध्यक्षों में कविता शर्मा सबसे कम उम्र की अध्यक्ष बनी हैं। 2009 में उनकी माता रेखा शर्मा भी अध्यक्ष रह चुकी हैं। कविता शर्मा वार्ड नौ से निर्विरोध पार्षद बनी थीं। वे अध्यक्ष भी निर्विरोध घोषित हुई है। दोपहर दो बजे उपाध्यक्ष निर्वाचन की प्रक्रिया की गई। इसमें भाजपा से कुल चार नामांकन जमा हुए। पार्टी पदाधिकारियों व वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने निर्विरोध उपाध्यक्ष बनाने के लिए सामंजस्य बैठाने का प्रयास किया। इसमें वार्ड 11 के पार्षद मुकेश मंडलोई ने तो अपना नाम वापस ले लिया, लेकिन शेष तीन उम्मीदवारों में काफी समय तक मंथन चलता रहा। नाम वापसी समय के बाद उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव मैदान में बचे तीन प्रत्याशियों के लिए मतदान हुआ। इसमें मोनिका पति मोनू भावसार को 2, शानू पति राहुल राठौर को 3 मत मिले। वहीं राजेंद्र नाहर सर्वाधिक 10 प्राप्त कर उपाध्यक्ष चुने गए। पीठासीन अधिकारी अभिषेक सिंह तथा सहायक पीठासीन अधिकारी अभिषेक चौरसिया ने निर्वाचित पदाधिकारियों को प्रमाण पत्र दिए। एसडीओपी पीएन गोयल, टीआइ सीएल कटारे सहित पुलिस कर्मियों ने सुरक्षा व्यवस्था में लगे रहे।