
नई दुनिया प्रतिनिधि, देवास। नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत देवास जिले की खातेगांव पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर एक संदिग्ध डस्टर कार से 71 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया है। जब्त किए गए गांजे का बाजार मूल्य लगभग 7 लाख 10 हजार रुपये आंका गया है।
खातेगांव थाना प्रभारी (टीआई) विजय सिंह लोधी ने बताया कि पुलिस को जीयागांव-पुरोनी मार्ग पर अवैध मादक पदार्थ की परिवहन की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस की दो टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए जीयागांव-पुरोनी रोड पर घेराबंदी की और एक सफेद रंग की रेनॉल्ट डस्टर कार (क्रमांक MP 04 CN 0755) को रोक लिया।
वाहनों की तलाशी लेने पर उसमें से 71 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने कार सवार चार आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम रवि धाकड़ (निवासी वार्ड नं. 3, उदयपुरा, जिला रायसेन) बताया। कार में मौजूद अन्य तीन साथियों की पहचान सर्वेश मेहरा (निवासी बमोरी बासौदा, तहसील उदयपुरा), गौरव रजक (निवासी वार्ड नं. 13, ब्राह्मण मोहल्ला, उदयपुरा) और रामबाबू (निवासी रामनगर मोहल्ला, उदयपुरा, जिला रायसेन) के रूप में हुई है।
पुलिस ने चारों आरोपियों के कब्जे से गांजा और डस्टर कार जब्त कर ली है। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। गांजा कहां से लाया जा रहा था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था, इस संबंध में पुलिस आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है।