
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। सेवा संकल्प बाइक यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिले के पुंजापुरा में आयोजित कार्यक्रम में अलग-अलग स्थानों से राइडर्स से वर्चुअल संवाद किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में शाजापुर के राइडर दीपेश गोटी ने प्रधानमंत्री से संवाद कर यात्रा के अनुभव साझा किए।
गोटी ने बताया कि यात्रा के दौरान अलग-अलग राज्यों के युवाओं से मिलने, उनकी भाषाएं सीखने और संस्कृति को समझने का अवसर मिला। रास्ते में पीएम आवास योजना के हितग्राहियों से भी मुलाकात हुई और विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को नमो ऐप से जोड़ा जा रहा है।
प्रधानमंत्री ने मध्यप्रदेश के युवाओं की उद्यमशीलता का उल्लेख करते हुए गोटी से वडनगर में स्थानीय लोगों से संपर्क के बारे में पूछा। गोटी ने बताया कि व्यापार के सिलसिले में कुछ स्थानीय लोगों के मोबाइल नंबर लिए हैं। इस पर मोदी ने कहा कि मध्यप्रदेश के युवा अब व्यापार और स्वरोजगार में रुचि दिखा रहे हैं और जहां जाते हैं, वहां अवसर तलाशते हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुंजापुरा में बाइक राइडर्स का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों में परिश्रम और अनुशासन के साथ सेवा भाव को आगे बढ़ाया है। उन्होंने बाइक राइडर्स के साथ पौधरोपण किया और यात्रा को आगे बढ़ाते हुए बाइक भी चलाई। मुख्यमंत्री ने राइडर्स से यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित यात्रा पूरी करने की अपील की।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 35 लाख 42 हजार हितग्राहियों के खातों में 212 करोड़ 57 लाख रुपए सिंगल क्लिक से अंतरित किए। उन्होंने करनावद पुलिस सहायता केंद्र को थाना बनाने, बागली में पुलिस के 50 आवास और शासकीय गोदाम के लिए राशि स्वीकृत करने की घोषणा भी की। मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी वितरित की गई।

सेवा संकल्प अभियान के तहत बाइक यात्रा वडनगर से वाराणसी के बीच निकाली जा रही है। यात्रा में युवाओं को सेवा कार्यों से जोड़ने के लिए 'माय प्रामिस टू मोदी जी' नवाचार के तहत 25 सेवा कार्यों की सूची बनाई गई है। प्रत्येक सेवा यात्री को इनमें से किसी एक सेवा का संकल्प दिलाया जा रहा है।
इस दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस के नेता लाडली बहन योजना को बंद करना चाहते हैं। उनके नेता ने कोर्ट में पिटीशन लगाई कि लाडली बहन योजना बंद हो। उनके नेता कहते हैं कि महिलाएं शराब पीती हैं। हम लाडली बहनों को दी जाने वाली राशि को और भी बढ़ाएंगे।
उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन सेवा शुरू होने वाली है। इस सेवा के तहत नगर, राज्य व दूसरे राज्यों तक सड़क परिवहन व्यवस्था शुरू होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के जमाने में फसले बिना पानी के सूख जाती थी। आज प्रदेश में 65 लाख हेक्टेयर रकबा की सिंचाई बढ़ी है। किसान अब दो और तीन फसले भी ले रहे हैं।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, यात्रा संयोजक वीडी शर्मा, मंत्री नरेंद्र शिवजी पटेल, सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, विधायक मुरली भंवरा, आशीष शर्मा, मनोज चौधरी, राजेश सोनकर एवं जिला पंचायत अध्यक्ष लीला भेरूलाल अटारिया सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता, अधिकारी व आमजन मौजूद थे।