
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री तथा पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का शनिवार को देवास पहुंचे। उन्होंने जिला निगरानी व समन्वय समिति दिशा की बैठक में भाग लिया।
उनका शहर में करीब दो किलोमीटर लंबे मार्ग पर 50 से अधिक स्वागत मंचों से अभिनंदन किया गया। इस दौरान मीडिया से चर्चा में प्रदेश की राजनीति में फिर से आने के सवाल पर उन्होंने साफ कहा कि सवाल ही नहीं उठता।
उनकी प्राथमिकता केवल जनता की सेवा और देश के विकास के लिए कार्य करना है। उन्होंने बताया कि देवास जिले के लिए कृषि रोड मैप बनाया है।
भारत के एग्रीसाइंटिस्ट के सहयोग से यहां की मिट्टी, तत्व, जलवायु और पानी की उपलब्धता को देखते हुए आदर्श कृषि करने और किसानों की आय बढ़ाने का रोडमैप बनाया गया है।
फसलों के साथ हार्टिकल्चर पर काम करेंगे। 35 हजार लखपति दीदीयां देवास जिले में है, इस संख्या को दोगुना करने का प्रयास किया जा रहा है। बैठक में सिंचाई योजना की समीक्षा भी की गई।
उन्होंने बताया कि जलप्रदाय योजना में जनप्रतिनिधियों ने कमियां बताई उनपर भी चर्चा की गई है। जिले को कुपोषण से मुक्त करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
इस दौरान एक स्वागत मंच पर भाजपा कार्यकर्ता सद्दाम पठान ने जेब कटने की शिकायत करते हुए बताया कि उनके 48 हजार रुपये चोरी हुए हैं।