
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। टोंककला पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट मामले में विशेष जांच दल (एसआइटी) का गठन किया गया है। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद द्वारा गठित इस 13 सदस्यीय एसआइटी का नेतृत्व एएसपी जयवीरसिंह भदौरिया को सौंपा गया है, जो प्रतिदिन की प्रोग्रेस रिपोर्ट सीधे एसपी को सौंपेंगे। एसआइटी को अलग-अलग विंग में बांटा गया है, जिसमें फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कन्नौद एसडीओपी आदित्य तिवारी के नेतृत्व में टीम रवाना की गई है।
वहीं विवेचना में सहायता के लिए हाटपिपल्या टीआइ दीपक यादव और उपनिरीक्षक मलखान भाटी सहित 7 अधिकारियों को नियुक्त किया गया है। इसके अलावा तकनीकी और डिजिटल साक्ष्यों की कड़ियों को जोड़ने के लिए साइबर सेल के शिवप्रताप सिंह सेंगर सहित दो लोगों की एक अलग टेक्निकल टीम भी बनाई गई है।
इधर उज्जैन जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाए गए आरोपित अनिल मालवीय और मोहम्मद अजास को न्यायालय ने पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। आरोपित मुकेश विज की गिरफ्तारी के लिए भी तीन टीमें अलग-अलग ठिकानों पर रवाना की गई हैं। इसके अलावा पुलिस और प्रशासन की टीमें इस समय वेयरहाउस और फैक्ट्री की जमीन की लीज से संबंधित दस्तावेजों की भी बारीकी से जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- 'अब सुप्रीम कोर्ट तय करेगा भोजशाला का भविष्य...', हाई कोर्ट के निर्णय पर दिग्विजय सिंह ने उठाए सवाल, छिड़ी नई बहस
रविवार को पेट्रोलियम एंड सेफ्टी आर्गेनाइजेशन (पेसो) के एक्सपर्ट, उज्जैन से आई बीडीडीएस (बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वाड) और एफएसएल की टीमों ने एएसपी जयवीरसिंह भदौरिया व अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में फैक्ट्री पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
एसपी पुनीत गेहलोद ने बताया कि मौके से एकत्र किए गए सैंपल जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। इसके साथ ही फैक्ट्री और परिसर में वर्तमान में मौजूद शेष विस्फोटक को पूरी सुरक्षा के साथ नष्ट करने की तैयारी की जा रही है, जिसके लिए न्यायालय से अनुमति मांगी जा रही है और यह पूरी प्रक्रिया पेसो के एक्सपर्ट्स की निगरानी में की जाएगी।