
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। दिल्ली बिल्डिंग हादसे में देवास के एक छात्र अर्पित जाज की मौत की जानकारी सामने आई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पिता दिल्ली पहुंच गए हैं और पोस्टमार्टम के बाद शव को देवास लाया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक अर्पित देवास से कल सुबह ही दिल्ली पहुंचा था, वह रक्षा बंधन की छुट्टी मनाने के लिए घर आया था। हादसे के पहले उसने माता-पिता से वीडियो कॉल पर बात भी की थी। तब तक सभी चीजें सामान्य थी।
अर्पित दिल्ली के आत्माराम कॉलेज में सेकंड ईयर का छात्र था। पिता के मुताबिक एक साल पहले जब वजह पीजी में रहने पहुंचा था तो इमारत ठीक थी। कहीं से भी वह जर्जर नजर नहीं आ रही थी। अर्पित की मां और पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
उनका कहना है कि दोपहर में जब उसे कॉल किया तो फोन नहीं उठाया, तब लगा कि देवास से सफर कर दिल्ली पहुंचा है तो थक गया होगा। फिर कुछ समय बाद हादसे की जानकारी लगी तो तुरंत दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
दिल्ली में हुए हादसे में देवास के अर्पित जाज बिल्डिंग के नीचे दब गए थे। उनका शव आज सुबह मिला पिता ने मृतक की पुष्टि की है। परिजनों में यहाँ दादाजी और बड़ी महान प्रियांशी घर पर है। पिता भूपेंद्र और मां दिल्ली में है। वह शव का पोस्टमार्टम कर वहां से दोपहर निकलेंगे देर शाम को शव यहां आने की सूचना है।
अर्पित दिल्ली के कॉलेज आत्माराम सनातन धर्म में बीकॉम द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। रक्षाबंधन पर घर आया था। शनिवार को दिल्ली ट्रेन से गया था। रविवार सुबह करीब 7 बजे वह पहुंचा था। दोपहर में खाना खाने के बाद अचानक बिल्डिंग गिर गई। बताया गया है कि वहां पिछले दिनों से बिल्डिंग की मरम्मत का काम चल रहा था। अर्पित सत्य निकेतन हॉस्टल डेज़ की बिल्डिंग नम्बर 11 के कमरा नंबर 302 में था।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में 60 फीट ऊंची जर्जर इमारत को गिराना बना चुनौती, दूसरे दिन भी नहीं ढहा क्षतिग्रस्त हिस्सा