देवास में 40 फीट ऊंची टंकी पर चढ़ी किशोरी, पुलिस ने समझाइश देकर उतारा
जिला मुख्यालय से करीब 75 किमी दूर कांटाफोड़ थाना क्षेत्र के गांव सुंद्रेल में रविवार दोपहर करीब दो बजे 16 वर्षीय किशोरी पानी की करीब 40 फीट ऊंची टंकी ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 30 Aug 2026 06:19:46 PM (IST)Updated Date: Sun, 30 Aug 2026 06:19:46 PM (IST)
40 फीट ऊंची टंकी पर चढ़ी किशोरी। (एआई इमेज)HighLights
- कांटाफोड़ थाना क्षेत्र के सुंद्रेल की घटना
- प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला होने की आशंका
- मामले को लेकर पुलिस किशोरी से कर रही पूछताछ
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास : जिला मुख्यालय से करीब 75 किमी दूर कांटाफोड़ थाना क्षेत्र के गांव सुंद्रेल में रविवार दोपहर करीब दो बजे 16 वर्षीय किशोरी पानी की करीब 40 फीट ऊंची टंकी के ऊपर चढ़ गई।
ग्रामीणों ने देखा तो आसपास भीड़ लगने लगी। इसी दौरान किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद डायल-112 से पुलिस टीम मौके पर पहुंची। प्रधानारक्षक मोहन सिंह राणा एवं पायलट मोहन सिंह राठौर ने सूझबूझ एवं संवेदनशीलता का परिचय देते हुए किशोरी को समझाइश देते हुए सुरक्षित नीचे उतार लिया।
किशोरी के टंकी में चढ़ने का घटनाक्रम प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है
बाद में उसे पुलिस सहायता केंद्र बिजवाड़ ले जाया गया। यहां से उसके स्वजन से संपर्क किया गया। बताया जा रहा है कि किशोरी के टंकी में चढ़ने का घटनाक्रम प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है। ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार सुंद्रेल के मीणा समाज का एक युवक कन्नौद थाना क्षेत्र के किसी गांव से किशोरी को लेकर आया था। बाद में पता नहीं किसी बात को लेकर दोनों के बीच क्या हुआ।
सुबह से टंकी के पास बैठी थी किशोरी
ग्रामीणों ने बताया किशोरी सुबह से टंकी के आसपास बैठी थी, पहले लोगों ने ध्यान नहीं दिया लेकिन बाद में वो टंकी के ऊपर चढ़ गई। इसके बाद मौके पर भीड़ लग गई। गनीमत रही कि पुलिस के समय पर आने से किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।
कन्नौद पुलिस के सुपुर्द किया
बिजवाड़ पुलिस सहायता केंद्र प्रभारी विनय सिंह बघेल ने बताया किशोरी व युवक को सहायता केंद्र लाया गया था। चूंकि किशोरी कन्नौद थाना क्षेत्र की रहने वाली है और वहीं से इस मामले की शुरुआत हुई थी इसलिए कन्नौद पुलिस को सूचना देकर दोनों को उनके सुपुर्द कर दिया गया है, आगे की कार्यवाही कन्नौद पुलिस द्वारा की जाएगी।