
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। देवास जिले के खातेगांव थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप पुरी पर वाहन चढ़ाकर हत्या के मामले में शराब कारोबारी व कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल सहित तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। राहुल कांग्रेस का खातेगांव विधानसभा का प्रभारी है।
उसकी नियुक्ति इसी वर्ष 27 अप्रैल को मप्र कांग्रेस कमेटी ने की थी। पुलिस हिरासत में राहुल का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें उसने वर्तमान में खातेगांव का प्रभारी होने के साथ ही वर्ष 2018 से 2024 तक खुद के जिला युवक कांग्रेस का अध्यक्ष रहने की बात कही है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा नियुक्त जांच अधिकारी स्पेशल डीजी उपेन्द्र जैन ने खातेगांव पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि शराब तस्करी के मामले में कई लोग शामिल हैं। पांच जिलों के पुलिस अधीक्षकों ने अलग-अलग टीमें गठित कर आरोपितों की धरपकड़ शुरू की है।
खातेगांव थाने में आरोपितों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 103(1), 109(1), 121(2), 3(5) और आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने फरार आरोपितों की गिरफ्तारी पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
यह भी पढ़ें- भोपाल में 600 घर होंगे जमींदोज... 13 तक खाली करने का अल्टीमेटम, 14 नवंबर को चलेगा बुलडोजर