_2026113_23759_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। खातेगांव टीआई दिलीप पुरी को ट्रक से कुचलने के मामले में जांच कर रही एसआईटी की गिरफ्त में आए मुख्य आरोपित ड्राइवर गजेंद्र रावत उर्फ अक्कू का पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर कर दिया। घटना राजोदा से बरोठा के बीच की है, जहां आरोपित ने पुलिस टीम पर जानलेवा हमला कर भागने का प्रयास किया था।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपित के पैर में लगी है, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, इस कार्रवाई के दौरान क्लीनर धीरज भी पकड़ाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एसआईटी गजेंद्र रावत उर्फ अक्कू को लेकर खातेगांव की ओर जा रही थी। इसी दौरान राजोदा और बरोठा के बीच पुलिस वाहन का टायर पंचर हो गया। पुलिसकर्मी वाहन रोककर टायर बदल रहे थे, तभी सुरक्षा घेरे में मौजूद एएसआई जैसे ही उसे साइड में ले गए, उसने अचानक एएसआई की सर्विस रिवाल्वर छीन ली और भागने लगा।
एसआईटी ने उसको रोकने की कोशिश की तो आरोपित ने फायर कर दिया। एसआईटी ने मोर्चा संभाला और आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक गोली गजेंद्र के पैर में जा लगी, जिससे वह घायल हो गया। टीम ने तुरंत घेराबंदी कर उसे मौके पर ही दबोच लिया और छीनी गई सर्विस रिवाल्वर बरामद कर ली। घायल अक्कू को देर रात जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उपचार के बाद घायल को इंदौर रेफर कर दिया गया।
यह भी पढ़ें- देवास में शराब कांड: चंदाना के बाद खातेगांव में TI की हत्या, विभाग की कार्यशैली पर उठे सवाल