
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास : शारदीय नवरात्र में माता टेकरी पर श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए प्रशासन और पुलिस के साथ नगर निगम भी लगातार तैयारियों में लगी है। भीड़ नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने दो होल्डअप एरिया तैयार किए हैं। पहला शंख द्वार के नीचे और दूसरा जैन मंदिर के पास बनाया गया है। यहां श्रद्धालुओं को कम से कम समय रोककर कतार को लगातार आगे बढ़ाने की व्यवस्था रहेगी। नगर निगम भवन के पास पार्किंग स्थल भी चिन्हित किया गया है।
नवरात्र की तैयारियों का जायजा लेने शुक्रवार को उज्जैन संभागायुक्त आशीष सिंह, एडीजी राकेश गुप्ता और डीआइजी नवनीत भसीन माता टेकरी पहुंचे। अधिकारियों ने बड़ी माता मंदिर, छोटी माता मंदिर और कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर दर्शन व्यवस्था, सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं की जानकारी ली।
कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने अधिकारियों को व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए बताया कि दर्शन के लिए बैरिकेडिंग और तीन स्तरों पर भीड़ प्रबंधन की योजना बनाई गई है। घटस्थापना के साथ सप्तमी, अष्टमी और नवमी पर अधिक भीड़ की संभावना को देखते हुए अतिरिक्त वालंटियर्स और पुलिस बल तैनात रहेगा। निगरानी के लिए परिसर में अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।
श्रद्धालुओं को धूप से बचाने के लिए पैदल मार्ग पर टेंट और जमीन पर कारपेट बिछाने की व्यवस्था की गई है। संभागायुक्त ने प्रमुख स्थानों पर पेयजल, छाया और आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एसपी पुनीत गेहलोद ने बताया कि सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार ने टेकरी क्षेत्र में स्वच्छता, प्रकाश और अन्य नागरिक सुविधाओं की जानकारी दी। इस दौरान एडीएम शोभाराम सोलंकी, एएसपी गजेंद्र वर्धमान, एसडीएम अभिषेक शर्मा, सीएसपी सुमित अग्रवाल सही कई अधिकारी मौजूद थे।
सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी के लिए देव स्थान प्रबंध समिति के साथ पुलिस ने भी अलग सीसीटीवी कैमरे लगवाएं हैं। कैमरों का फीड माता टेकरी स्थित कंट्रोल रूम और कार्यालय के साथ ही पुलिस कंट्रोल रूम और कोतवाली थाना पर भी दिया गया है।
अधिकारी कोतवाली, पुलिस कंट्रोल रूम या टेकरी, कहीं से भी माता टेकरी का पूरा क्षेत्र व आसपास के क्षेत्रों को तुरंत देख सकेंगे एवं आवश्यकता के अनुसार तुरंत निर्णय लिए जा सकेंगे। माता टेकरी कंट्रोल रूम में 24 घंटे सीसीटीवी की मानिटरिंग के लिए कर्मचारी तैनात किए गए हैं।
यह भी पढ़ें- Chaitra Navratri 2022: देवास में मां चामुंडा और मां तुलजा भवानी के मंदिर में सजा फूल बंगला