
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। बागली क्षेत्र के नयापुरा गांव में एक व्यक्ति द्वारा ग्रामीणों से "मेरी पूजा करो" कहने और धार्मिक गतिविधियों में बाधा पहुंचाने के आरोपों को लेकर शुक्रवार को ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे।
कलेक्टर को सौंपे ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि संबंधित व्यक्ति पिछले कई वर्षों से गांव में नवरात्र सहित अन्य धार्मिक आयोजनों में व्यवधान पैदा करता है। अब सामुदायिक भवन को भी तोड़ने की धमकियां दी जा रही हैं। ऐसे में ग्रामीण अपनी समस्या लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और अपनी व्यथा कलेक्टर को सुनाई। समस्या सुनने के बाद कलेक्टर ने निराकरण करने का आश्वासन दिया।
शुक्रवार दोपहर कलेक्टर कार्यालय में 100 से अधिक महिला-पुरूष पहुंचे थे। यहां अधिकारियों ने उनकी बात सुनी, परन्तु उन्होंने कलेक्टर से मिलने की मांग की। कलेक्टर कार्यालय में चल रही बैठक के चलते काफी देर बाद सभी लोग कलेक्टर ऋतुराज सिंह से मिले।
सरपंच प्रतिनिधि लखन मखानिया ने बताया कि गांव में वर्षों से धार्मिक आयोजनों के दौरान विवाद की स्थिति बनी हुई है। आरोप है कि घट स्थापना और पूजा-पाठ में बाधा पहुंचाई जाती है, मटकियां उठा ली जाती हैं और धार्मिक कार्यक्रमों के माइक तक बंद करा दिए जाते हैं। विरोध करने पर जान से मारने और निपटा देने की धमकियां दी जाती हैं।
ग्रामीणों और महिलाओं ने बताया कि सामुदायिक भवन को नुकसान पहुंचाया गया तो पूरे समाज की गतिविधियां प्रभावित होंगी। उन्होंने कलेक्टर से भवन की सुरक्षा सुनिश्चित करने, धार्मिक कार्यक्रम शांतिपूर्वक कराने और धमकी देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने काफी देर तक ग्रामीणों की बात सुनने के बाद मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है।