यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 07, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
देवास माता टेकरी पर शुरू होगी वीआईपी दर्शन की व्यवस्था
माता टेकरी पर श्रद्धालुओं के लिए आने वाले दिनों में वीआईपी दर्शन की व्यवस्था शुरू होगी।
By Edited By:
Publish Date: Mon, 07 May 2018 09:17:41 PM (IST)Updated Date: Tue, 08 May 2018 09:06:46 AM (IST)
देवास। माता टेकरी पर श्रद्धालुओं के लिए आने वाले दिनों में वीआईपी दर्शन की व्यवस्था शुरू होगी। इससे यहां आने वाले श्रद्धालुओं को कतार से हटकर दर्शन हो सकेंगे।
नवागत कलेक्टर डॉ. श्रीकांत पांडेय ने सोमवार दोपहर को हुई देवस्थान प्रबंध समिति की बैठक में इसके लिए निर्देश दिए। बैठक में माता टेकरी पर वाहन ले जाने का शुल्क 250 से बढ़ाकर 500 रुपए करने पर भी सहमति बनी।
कहा गया कि नई व्यवस्थाओं से माता टेकरी की आय बढ़ेगी। साथ ही श्रद्धालुअों को भी सुविधा मिल सकेगी। माता टेकरी की संपूर्ण प्रशासकीय व्यवस्था को संभालने के लिए पूर्णकालिक प्रबंधक के रूप में एक राजस्व अधिकारी के साथ एक लिपिक एवं एक चपरासी की नियुक्ति करने के निर्देश कलेक्टर ने दिए। माता टेकरी की सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव के लिए अतिरिक्त बल की मांग के लिए पुलिस विभाग के माध्यम से पीएचक्यू को प्रस्ताव भेजने के निर्देश भी दिए हैं।